January 30, 2026

समस्तीपुर में बाजार से लौट रही महिला के साथ युवकों ने की छेड़खानी, विरोध करने पर कपड़े फाड़े

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाने के रहमतपुर गांव में बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही महिला के साथ कुछ युवकों द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस दौरान प्रतिरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। यहां तक कि महिला का कपड़ा आदि भी फाड़ दिया गया। जानकारी पर पहुंचे परिवार के लोगों ने महिला को उपचार के लिए मंगलवार सुबह सदर अस्पताल लाया। साथ ही मामले की जानकारी मुफस्सिल पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में पीड़ित महिला ने बताया कि वह देर शाम समस्तीपुर से बाजार कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रहमतपुर गांव के पास पूर्व से सड़क किनारे खड़े सुरेश महतो का बेटा चंदन कुमार चार-पांच युवकों के साथ खड़ा था। वह जैसे ही रहमतपुर गांव के पास पहुंची तो चंदन ने ऑटो रोक कर उनके साथ अशोभनीय हरकत की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चंदन ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनका कपड़ा आदि भी फाड़ दिया गया। महिला द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग जुटे तो चंदन वहां से फरार हो गया। उधर, जब मामले की जानकारी महिला के परिवार के लोगों को मिली तो सभी लोग मौके पर पहुंचे। महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। वही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा अभी तक लिखित तौर पर घटना से संबंधित आवेदन नहीं दिया गया है। अगर पीड़ित द्वारा आवेदन दिया जाता है तो मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed