November 18, 2025

खबरें फतुहा की : दंपत्ति के खाते से उड़ाए 83 हजार, सरिया लदा ट्रक लापता, ग्रामीणों ने दो धंधेबाजों को पकड़ा

एटीएम क्लोन कर जालसाजों ने बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत दंपत्ति के खाते से उड़ाए 83 हजार रुपए
फतुहा। शुक्रवार को कच्ची दरगाह स्थित बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत दंपत्त्ति के खाते से जालसाजों द्वारा एटीएम क्लोन कर 83 हजार रुपए निकाल लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित दंपत्ति को इस बात की जानकारी तब हुई जब वे दोनों निजी काम से पैसे निकालने कच्ची दरगाह के एसबीआई शाखा पहुंचे। शाखा में पता चला कि उनके खाते में सिर्फ 301 रुपये ही शेष हैं। जब बैंक अधिकारियों ने खाते की स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि पीड़ित दंपत्ति के खाते से बीते एक जनवरी व दो जनवरी के दरम्यान पांच बार में कुल 83 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। पीड़ित दंपति समस्तीपुर के आसीन चक निवासी लम्बोदर पाठक व उनकी पत्नी है जो काफी वर्षो से कच्ची दरगाह स्थित बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत थे। हालांकि फैक्ट्री बंद हो चुकी है लेकिन अभी पीड़ित दंपत्ति इसी परिसर में रहते हैं। समाचार लिखे जाने तक इसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी थी।

बंद घर से चोरों ने उड़ाए लाखों की सम्पति


फतुहा। नोहटा स्थित बड़ी संगत के पास एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर का ताला काटकर लाखों की संपति उड़ा डाली। यह घर पिछले 15 दिन से बंद पड़े थे। चोरी की वारदात कब हुई, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। घर मालिक शंभू कुमार राजस्थान में रेलवे कर्मचारी हैं। पत्नी अंजलि राय 15 दिन पहले मायके चली गई थी। पड़ोसियों से जानकारी होने पर वह मायके से फतुहा पहुंची तो देखा कि घर के अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ है तथा छत का दरवाजा भी खुला पड़ा है। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर चोरी की घटना का जायजा लिया। घर मालकिन अंजलि राय के मुताबिक चोरों ने आलमारी से सारे गहने चोरी कर ली है तथा ट्रंक का ताला तोड़कर उसमे रखे कांसा व पीतल के बर्तन के साथ-साथ कई कीमती घरेलू सामान चोरी कर ली है। उसके अनुसार चोरों ने करीब चार लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया है। इस संदर्भ में घर मालकिन अंजलि राय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने मे शिकायत दर्ज करायी है। घटना के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

सरिया लदा ट्रक हुआ लापता, कंपनी ने ट्रांसपोर्टर के खिलाफ दर्ज करायी प्राथमिकी
फतुहा। बीते 29 दिसम्बर को स्थानीय फैक्ट्री एरिया से अररिया के लिए चला सरिया लदा ट्रक के लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में सरिया कंपनी के प्रबंधक कुमार अभिषेक ने ट्रांसपोर्टर के खिलाफ ही सरिया को गबन कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दो जनवरी तक ट्रक सरिया लेकर अररिया नहीं पहुंच पाया। ट्रक पर एमटी तथा टीमटी के करीब 21 टन सरिया लदा था। ट्रक पर लदे सरिया की कीमत 7.68 लाख रुपए बताए गए हैं। सरिया फैक्ट्री एरिया के शिव शिवा स्टील प्राइवेट लिमिटेड की है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार ट्रक का लोकेशन पूर्णिया तरफ पाया गया है। ट्रक वहीं से लापता हुआ है। उनके अनुसार विशेष छानबीन के बाद केस को वहां के संबंधित थाने को सौंपा जा सकता है।

ग्रामीणों ने दो धंधेबाजों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
फतुहा। बीते गुरुवार की रात्रि थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर व घोरनपुरा के ग्रामीणो ने गांव में एक विशेष अभियान चलाकर सैकड़ों लीटर देशी शराब के साथ दो धंधेबाजों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। गिरफ्तार धंधेबाजों में घोरनपुरा गांव निवासी शत्रुघ्न पासवान व नीतीश कुमार शामिल है। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गये शराब को भी जब्त कर लिया है। ये सभी शराब अलग-अलग तीन गैलेन में भरकर रखे गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक काफी दिनों से पकड़े गए धंधेबाज गांव में शराब बेचने का काम कर रहे थे।

दो धंधेबाज भेजे गए जेल
फतुहा। शुक्रवार को नदी थाना ने पटना जिले की पुलिस की मदद से शराब धंधेबाजों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान नदी थाना पुलिस ने कृपाल टोला से साढ़े पांच लीटर देशी शराब के साथ जहां एक धंधेबाज धर्मवीर राय को गिरफ्तार कर लिया, वहीं कृपाल टोला से ही पूर्व के दर्ज कांडों में आरोपित एक धंधेबाज गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

You may have missed