February 17, 2026

बिहार में जंगलराज की बात करने वाली भाजपा बताएं कि मणिपुर में आखिर किसका राज है : विजेंद्र यादव

पटना। कटिहार गोलीकांड को लेकर जहाँ जदयू और भाजपा के नेताओं में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जदयू के वरिष्ठ नेता और विद्युत् मंत्री विजेंद्र यादव ने गुरुवार को इस मुद्दे पर भाजपा को लताड़ लगाई। कटिहार के बारसोई में बुधवार को बिजली की मांग को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने गोली चलाई जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल हो गया। इसे लेकर सियासत भी गरमा चुकी है। कटिहार गोलीकांड को लेकर भाजपा ने राज्य की नीतीश सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। भाजपा ने इस घटना को बिहार में जंगलराज से जोड़कर बताया तो जदयू ने पटलवार करते हुए भाजपा से पूछा कि मणिपुर में कौन सा राज है जहाँ भाजपा की सरकार है। नीतीश सरकार में मंत्री विजेंद्र यादव ने गुरुवार को कटिहार गोलीकांड पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि कटिहार की घटना की जांच खुद डीएम और एसपी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कटिहार के जिस इलाके में बिजली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था वहां बिजली नहीं रहने का कारण प्राकृतिक वजहों से है। उस इलाके में बालू बहुतायत है। ऐसे में बिजली के पोल अक्सर गिर जाते हैं जिसे दोबारा ठीक करने में समय लगता है। उन्होंने कहा कि इस बार भी कटिहार के बारसोई में यही हुआ था। वहीं बिजली की मांग को लेकर भीड़ जब उपद्रव हुई तब पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। वहां गोली चलाने की नौबत क्यों आई, सहित अन्य मुद्दों को लेकर डीएम और एसपी खुद जांच कर रहे हैं। विजेंद्र ने कहा कि इस पर भाजपा का नीतीश सरकार पर सवाल खड़ा करना अनुचित है। अगर बिहार की घटना को लेकर भाजपा सवाल करती है तो उसे बताना चाहिए की मणिपुर में कौन सा राज है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। इसे लेकर सियासत करना अनुचित है।

You may have missed