बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह ने अपनी हत्या की आशंका जताई : कहा- रात भर खुली थी बैरक का गेट, समर्थकों व जेल कर्मी के बीच भिड़ंत
पटना। बड़ी खबर पटना से आ रही है। राजधानी स्थित बेऊर जेल में बंद पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह व राजद के ही नवादा से पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव एक ही वार्ड में बंद हैं। वही आरोप है कि इस वार्ड के गेट को कल रात खुला छोड़ दिया गया था। वही इस कारण पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जेल में अपनी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वही अनंत सिंह की बैरक का गेट खुला रहने की खबरों के बाद जेल के अंदर जेल कर्मी और अनंत समर्थकों के बीच भिड़ंत हुई है। इसमें 4 जेल प्रहरी घायल हैं। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद सदर अनुमंडल अधिकारी, फुलवारीशरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी समेत प्रशासन के कई अधिकारी भारी दल बल के साथ पटना के बेऊर जेल पहुंचे हैं। मिली जानकरी के अनुसार, जेल में 2 घंटे तक जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। पगली घंटी बजते ही जेल के सभी कैदी और कर्मचारी सतर्क हो गए। बताया जा रहा है कि इस बीच जेल के अंदर ही सूचना मिलने के बाद जेल के उच्च पदाधिकारी, जेलर, सहायक जेलर सहित भारी संख्या में जेल के कक्षपाल, उच्च कक्षपाल जेल के अंदर पहुंचे। इस बीच जेल के सभी कैदियों को उनके बैरक में जाने की सूचना दी गई। वही इस घटना की पुष्टि करते हुए जेल के एक अधिकारी ने बताया कि अनंत सिंह के समर्थकों ने कक्षपाल से मारपीट की है। वहीं इस मामले को लेकर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी विक्रम सिहाग ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। वह इस पर जेल के अधिकारियों और बेऊर थाने से बातचीत कर रहे हैं।
AK-47 मामले में जेल में है अनंत सिंह
राजद के पूर्व बाहुबली अनंत सिंह के पैतृक आवास नदवां में 2019 में एके 47 बरामद हुई थी। इस मामले में उन्हें 2022 में कोर्ट ने दोषी पाते हुए 10 साल की सजा सुनाई थी। अनंत इसी मामले में बेऊर जेल में बंद हैं। अनंत सिंह मोकामा से RJD की टिकट पर विधायक का चुनाव जीते थे, लेकिन सजा के बाद उनकी विधायकी भी चली गई थी।


