February 17, 2026

बीजेपी की केंद्रीय जांच टीम ने पीएमसीएच में घायल कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, लाठीचार्ज के दौरान हुए थे जख्मी

पटना। पटना में बीजेपी के विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज और मौत मामले की जांच के लिए पहुंची टीम पीएमसीएच के बाद आईजीआईएमएस पहुंची है। पीएमसीएच में जख्मी बीजेपी कार्यकर्ताओं से 4 सदस्यीय टीम ने बात की और घटना की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही जांच टीम डांकबंगला चौराहा भी पहुंची और रणक्षेत्र में तब्दील हुए पूरे इलाके का मुआयना किया। वही पीएमसीएच में भर्ती जख्मी बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद टीम आईजीआईएमएस पहुंची। जहां कई दूसरे नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात की। इसके बाद टीम राजवंशी नगर हड्डी अस्पताल भी पहुंचेगी, जहां घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेगी। घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात से पहले रघुवर दास ने कहा कि सभी से मिलने के बाद हम मीडिया को पूरी जानकारी देंगे। इस जांच कमिटी में झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद मनोज तिवारी, सांसद विष्णु दयाल राम और सांसद सुनीता दुग्गल को शामिल किया गया है। बीजेपी की यह चार सदस्यीय टीम पटना में हुए लाठीचार्ज की घटना की जांच कर रिपोर्ट पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा को सौंपेगी। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी थी।

You may have missed