सासाराम में निजी अस्पताल के डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत, परिजनों ने शव अस्पताल में रखकर किया हंगामा
सासाराम। बिहार के सासाराम में एक निजी अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही से एक महिला मरीज की मौत का मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर तोड़-फोड़ की। स्वजन का आरोप है कि अदरी देवी मेमोरियल अस्पताल में महिला को ब्लड ग्रुप एबी की जगह बी ग्रुप का ब्लड चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा हैं की जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के बाबू गंज के रहने वाले राजकुमार गुप्ता की 38 वर्षीय पत्नी कंचन देवी की तबीयत खराब होने पर स्थानीय अदरी देवी मेमोरियल अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ वीरेंद्र के यहां 11 जून को भर्ती कराया गया था। यहां उन्हें एबी ग्रुप के ब्लड की जगह बी ग्रुप का ब्लड चढ़ा दिया गया। इसके बाद महिला की तबीयत और खराब होने लगी। महिला की हालत बिगड़ती देख डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए जमुहार नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां जांच के दौरान बताया गया कि महिला का ब्लड ग्रुप एबी है। वहां भी तीन दिन भर्ती करने के बाद स्थिति सामान्य नहीं हुई तो वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। इसके एक सप्ताह बाद महिला ने दम तोड़ दिया। डॉक्टर की लापरवाही से नाराज स्वजन आज सुबह महिला का शव लेकर डॉ वीरेंद्र सिंह के अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।


