October 15, 2026

शिवहर में बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच से 27 लाख की लूट, अपराधियों ने बंधक बनाकर घटना को दिया अंजाम

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले में बैंक लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। घटना पिपराही में बैंक ऑफ बड़ौदा के अंबा कला शाखा की है। आज गुरुवार को बेखौफ बदमाशों ने सुबह बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद ही लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लूट की घटना के बाद से इलाके में हड़कंप की स्थिति मची हुई है। बताया जा रहा है कि 27 लाख रुपए की लूट हुई है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार पिपराही स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की अंबा कला शाखा के सभी कर्मी पहुंचने के बाद ब्रांच को खोलकर अपने-अपने काम में लग गए। इसी दौरान 7 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने अंदर घुसकर सभी कर्मियो को गन प्वाइंट पर ले लिया। फिर लॉकर की चाबी लेकर बदमाशों ने सारा पैसा लूट लिया। घटना को अंजाम उस वक्त दिया गया, जब सभी कर्मी बैंक मैनेजर की उपस्थिति में कैश का मिलान कर रहे थे। वहीं अपराधियों ने गार्ड प्रवीण कुमार सिंह को गोली भी मारी है। इसी दौरान घुसकर बदमाशों ने 20 लाख रुपए लूट लिए। बाहर निकलते-निकलते फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में सनसनी फ़ैल गई। घटना के बाद बैंक कर्मियों द्वारा स्थानीय थाना पुलिस को जानकारी दी गई। जानकारी दिए जाने के बाद जिले का पुलिस महकमा घटनास्थल पर पहुंच गया है। पुलिस के द्वारा बैंक के मेन गेट में ताला जड़कर अंदर मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि बैंक के गार्ड ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई। उसका राइफल भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मौके पर फिलहाल एसपी अनंत कुमार राय समेत अन्य पुलिस बल जांच कर रहे हैं। बैंक के बाहर स्थानीय ग्रामीणों की काफी भीड़ जुटी हुई है।

You may have missed