बाढ़ विधानसभा के राजग कार्यकर्ताओं के लिए सांसद ललन सिंह ने किया भोज का आयोजन, कार्यकर्ता उत्साहित

बाढ़। मुंगेर से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद सांसद ललन सिंह सोमवार 21 अक्टूबर को भोज देने जा रहे हैं। बाढ़ विधानसभा के लिए सांसद ललन सिंह ने राजग कार्यकर्ताओं के सम्मान में भोज का आयोजन किया है। मिली जानकारी के अनुसार बाढ़ के सबेरा सिनेमा हॉल के प्रांगण में लगभग 5 से 6 हज़ार कार्यकर्ता भोज में शामिल होंगे। अभी तक नेता को कार्यकर्ता खिलाते थे पर अब सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह अपने हाथों से राजग कार्यकर्ताओं को भोज करवाते सोमवार को नज़र आएंगे। भोज की तैयारियां पूरी हो चुकी है। बड़े पंडाल में सैकड़ों कुर्सियां और टेबल लग चुकी हैं। उक्त कार्यक्रम का कमान जिला पार्षद पंकज और जदयू के युवा प्रेदश उपाध्यक्ष मनीष सिंह ने संभाल रखी है। गौरतलब है कि मुंगेर लोक सभा सीट से जदयू के ललन सिंह ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनन्त सिंह की पत्नी नीलम देवी को लाखों मतों से हराया था। वहीं अपने सांसद के हाथों भोज करने के लिए बाढ़ विधानसभा के राजग कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। साथ ही साथ अपने सांसद को अपने बीच देखने के लिए उनकी नजरें इंतजार कर रही है।

रिपोर्ट : अखिलेश्वर सिन्हा