बिहार में शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 7वें चरण में 50 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

पटना। विधानसभा में राज्य सरकार ने सातवें चरण में 50 हजार शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया है। गुरुवार को शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने शिक्षा बजट पेश करने के दौरान यह घोषणा की। इसमें हेडमास्टर की नियुक्ति भी शामिल है। हालांकि, बहाली कब से शुरू होगी। इसकी प्रक्रिया क्या होगी। इस बारे में आधिकारिक सूचना अभी नहीं दी गई है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि 50 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। प्राथमिक शिक्षकों के 41 हजार पद पहले ही भरे जा चुके हैं।

नए साल में हेडमास्टर भी होंगे बहाल
सरकार प्राथमिक स्कूल, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों की बहाली के साथ ही हेडमास्टर की भी बहाली कर रही है। इसे अलग-अलग करके देखें तो प्राथमिक शिक्षकों के 50 हजार पदों, माध्यमिक शिक्षकों के 40,665, उच्च माध्यमिक के 47,896 पदों पर बहाली होगी। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। 2011 में बच्चों के अनुपात के अनुसार ये रिक्तियां हैं। इसके अलावा सरकार प्राथमिक स्कूलों में 40,518 प्रधान शिक्षक और हाई-स्कूलों में 6421 प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति करने जा रही है। कुल मिला कर एक लाख 85 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।