PATNA : 5 जनवरी को नहीं लगेगा उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद का जनता दरबार

पटना। इस मंगलवार को उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद का जनता दरबार नहीं लगेगा। अगर आप समस्या को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखने का प्लान बनाए रखे हैं तो इस सप्ताह अपना प्लान बदल लीजिए। 5 जनवरी यानी मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान से संबंधित बैठक की तिथि निर्धारित हो जाने के कारण 5, देशरत्न मार्ग में आयोजित होने वाले जनता के दरबार में उपमुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थगित रहेगा। अन्य मंगलवार को यह कार्यक्रम पूर्व की तरह आयोजित होगा। बता दें अब नीतीश सरकार पार्ट 4 में जनता दरबार जारी रखने की कवायद शुरू हो चुकी है।
समीक्षा बैठक में रहेंगे डिप्टी सीएम
मंगलवार के दिन उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद का जनता दरबार लगता है, जहां वे लोगों की समस्याओं को सुनते हैं और उसका निदान करते हैं। लेकिन पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माह के प्रथम मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान से संबंधित समीक्षा बैठक दिन के 11 बजे से होनी है और अधिवेशन भवन में आयोजित हो रही इस महत्वपूर्ण बैठक में जल-जीवन-हरियाली अभियान में जन भागीदारी सुनिश्चित करने के विषय पर विस्तार से चर्चा होगी। इसी वजह से इस मंगलवार को उपमुख्यमंत्री का जनता दरबार स्थगित कर दिया गया है। इस बैठक में ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य अभियंत्रण, पशु एवं मत्स्य संसाधन, जल संसाधन, लघु जल संसाधन, सूचना एवं जनसंपर्क, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा, कृषि, शिक्षा, भवन निर्माण, पंचायती राज विभागों के प्रधान सचिव, सचिव एवं अन्य पदाधिकारी भाग लेंगे। इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद भी भाग लेंगे।
एक बार फिर शुरू हुई जनता दरबार की कवायद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने लोगों की समस्याएं सुनने व उसका निदान करने के लिए जनता दरबार लगाना शुरू किया था। जनता दरबार को देश स्तर पर सराहा गया था, लेकिन बाद में जनता दरबार को स्थगित कर दिया। उसे अब नीतीश सरकार पार्ट 4 में जारी रखने की कवायद हुई है। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सरकारी आवास मिलते ही हर मंगलवार को अनौपचारिक रूप से जनता दरबार लगाने का कार्यक्रम शुरू भी कर दिया है। भाजपा कोटे से सरकार में मंत्री बने नेता भी अपने-अपने विभाग को लेकर जनता दरबार इस माह से शुरू करने वाले हैं। इसे सहयोग कार्यक्रम नाम दिया गया है।

About Post Author

You may have missed