पटना में 3 वर्षीय मासूम से दरिंदगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  • वारदात में मामी ने भी दिया साथ, पुलिस ने दबोचा, आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
  • बच्ची को जान से मारने की भी थी साजिश, पुलिस कर रही गहन जांच

पटना। पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें मात्र तीन वर्ष की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। इस जघन्य मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनजीत कुमार उर्फ पियूष के बाद उसकी मामी किरण देवी को भी मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी मनजीत कुमार बीते सोमवार को अपनी नानी के घर एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान उसने तीन वर्षीया मासूम बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना यहीं नहीं रुकी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी और उसकी मामी किरण देवी दोनों ने मिलकर बच्ची को जान से मारने की भी योजना बनाई थी। हालांकि, जब लोग मौके पर पहुंचने लगे तो दोनों वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पालीगंज पुलिस और बच्ची के परिजन आरोपी के घर पहुंचे। वहां बच्ची घायल और अचेत अवस्था में मिली। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी चिकित्सीय जांच की गई। चिकित्सीय जांच की रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को बाल यौन शोषण संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी मनजीत कुमार को शाम को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया और तत्परता से कार्रवाई की। मुख्य आरोपी से विस्तृत पूछताछ के दौरान उसकी मामी किरण देवी की भूमिका भी उजागर हुई, जिसके बाद उसे भी मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोनों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। मुख्य आरोपी मनजीत कुमार का यह पहला अपराध नहीं है। वह इससे पहले भी बाल यौन शोषण संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत एक मामले में विक्रम थाना क्षेत्र से गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। वह कुछ महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था और रिहाई के थोड़े ही समय बाद उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया। यह घटना समाज के लिए एक गंभीर सवाल खड़ा करती है कि ऐसे पुराने अपराधियों की निगरानी और नियंत्रण की व्यवस्था कितनी सुदृढ़ है। तीन वर्ष की अबोध बच्ची के साथ हुई यह दरिंदगी पूरे इलाके में आक्रोश का कारण बनी हुई है। फिलहाल, पीड़ित बच्ची अस्पताल में उपचाराधीन है और उसके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा यह भी जांचा जा रहा है कि क्या इस षड्यंत्र में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

You may have missed