February 21, 2026

PATNA : उप मुखिया के घर तोड़फोड़ व मारपीट के मामले में तीन महिला समेत छह गिरफ्तार

31 नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


फतुहा। बीते बुधवार की रात्रि पटना जिला के नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर बांस तल में धंधेबाजों के द्वारा उप मुखिया के घर तोड़फोड़ व मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने यह प्राथमिकी पीड़ित उप मुखिया विनय कुमार के बयान पर दर्ज की है। प्राथमिकी में 31 नामजद व 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के घर सघन छापेमारी कर तीन महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में अवधेश राय, उमेश राय, विटटू कुमार, आशा देवी, रंजू देवी तथा संगीता देवी शामिल है। पुलिस के अनुसार महिलाओं पर घर में घुसकर उपद्रवियों को शह देने का आरोप है।


विदित हो कि बीते बुधवार को पुलिस ने सबलपुर के बांस तल से चार सौ लीटर देशी शराब पकड़ा था। इस घटना से शराब धंधेबाजों के बीच खलबली मची हुई थी। इसके बाद धंधेबाजो व उसके समर्थकों ने बीते देर रात मुखबिरी करने के आरोप में सबलपुर पंचायत के उप मुखिया विनय कुमार के घर हमला कर दिया तथा तोड़फोड़ करते हुए घर के महिलाएं, स्टाफ को पीटा और जाते-जाते एक आॅटो में भी आग लगा दिए थे। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

You may have missed