January 26, 2026

सस्ता पेट्रोल लेने के लिए नेपाल पहुंच रहे बिहारवासी, पेट्रोल पंपों की बिक्री पर पड़ा असर

पटना। पेट्रोल और डीजल की महंगाई की मार झेल रहे बिहारवासियों की परेशानी दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफे का दौर जारी है। देश में बढ़ती कीमत और विदेश में (नेपाल) में दाम कम होने के कारण लोगों ने सस्ता पेट्रोल पाने के लिए नया तरीका निकाला है। नेपाल से सटे बिहार के लोग सुरक्षा बलों की नजरों से बचते-बचाते नेपाल से पेट्रोल लेकर वापस लौट आते हैं।
बिहार के अररिया और किशनगंज जिलों से सटी सीमा पर पगडंडियों से पेट्रोल की तस्करी करते हुए कुछ लोगों को पकड़े जाने की भी खबर है। पुलिस और एसएसबी जवानों की चौकसी से बचते हुए तस्कर तेल का खेल कर रहे हैं। कोरोना की पाबंदी से अभी तक सीमा पूरी तरह खुली नहीं है। नेपाल में इस समय पेट्रोल की कीमत 70.62 रुपये प्रति लीटर है। जो भारत के मुकाबले 22 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता है। हैरानी वाली बात यह है कि नेपाल में बिक रहा सस्ता तेल भारत से ही जाता है। पुरानी संधि के तहत इंडियन आयल कॉरपोरेशन ही नेपाल के लिए खाड़ी देशों से ईंधन मंगाता है। आईओसी नेपाल को ईंधन सप्लाई खरीद मूल्य पर ही करता है और उससे केवल रिफाइनरी शुल्क लिया जाता है।
पगडंडियों के जरिए हो रही तस्करी
भारत-नेपाल का जोगबनी (बिहार) सीमा काफी अलर्ट पर है, लेकिन खुली सीमा क्षेत्र में 30 से ज्यादा ऐसी जगहें हैं, जहां पगडंडियों के सहारे बिहार के लोग खुलेआम नेपाल आ-जा सकते हैं। एक पंप के मालिक के अनुसार, अररिया, फारबिसगंज, नरपतगंज फोरलेन पर जितने भी पेट्रोल पंप हैं, उसकी बिक्री पर असर पड़ रहा है। बड़े पैमाने पर तेल लाकर भारतीय क्षेत्र में छोटे दुकानदारों को कम कीमत पर आपूर्ति की जा रही है।

You may have missed