January 26, 2026

PATNA : संपत्ति के लालच में कलियुगी बेटे ने ली अपनी मां की जान, हत्यारा बेटा मौके पर गिरफ्तार

पटना सिटी। मालसलामी थाना अतंर्गत नुरुद्दीगंज स्थित सोडा गोदाम के पास बुधवार सुबह सपंत्ति के लिए कलियुगी बेटे ने अपनी मां की जान ले ली। संपत्ति के लालच में अंधे बेटे ने अपनी बहन और बहनोई के सामने ही 55 वर्षीय मां उर्मिला देवी का गला घोंट दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हत्यारे बेटे रंजन कुमार (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे के करीब संपत्ति को लेकर रंजन का अपनी मां के साथ विवाद हुआ था। उस समय उर्मिला देवी की बेटी और दामाद भी वहीं मौजूद थे। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि गुस्से में आकर रंजन ने वहीं पर मां का गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। रंजन के पास खुद की संपत्ति थी, जिसे वह पहले ही बेच चुका है। अब उसकी नजर मां की संपत्ति पर थी। 3 भाइयों में रंजन दूसरे नंबर पर है। रंजन पिछले कुछ महीनों से लगातार संपत्ति के बंटवारे के लिए मां पर प्रेशर डाल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच फरार होने से पहले ही आरोपी रंजन को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मामले की छानबीन की। फिर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, रंजन एक अपराधी रहा है। इसके ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। फिलहाल परिवार के दूसरे सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।

You may have missed