BIHAR : शूटर श्रेयसी सिंह व मां पुतुल सिंह थामेंगी लालटेन, आखिरी दौर की बातचीत जारी

पटना। नेशनल शूटर श्रेयसी सिंह तथा उनकी मां पुतुल सिंह को लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है, जो चौंकाने वाली है। श्रेयसी सिंह तथा उनकी मां व पूर्व सांसद पुतुल सिंह जल्द ही राजद का दामन थाम विरोधियों पर निशाना लगा सकतीं हैं। बता दें श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह व पूर्व सांसद पुतुल सिंह की बेटी हैं। सूत्र बताते हैं कि चार सितंबर को जमुई स्थित उनके आवास पर समर्थकों की बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। पुतुल सिंह ने बताया कि भाजपा से अलग होने के बाद अभी वे किसी दल में नहीं हैं। कहीं जाना होगा तो समर्थकों की बैठक के बाद ही अंतिम निर्णय लेंगीं। पुतुल सिंह ने इस बात पर फिलहाल मुहर नहीं लगायी है और ज्यादा कुछ बताने से इनकार किया है।
बांका या अमरपुर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं श्रेयसी
सूत्र बताते हैं कि पुतुल सिंह राजद में अपने पांच समर्थकों को बांका, भागलपुर और मुंगेर संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों से प्रत्याशी बनाना चाह रही हैं। राजद ने इनमें तीन पर हरी झंडी भी दे दी है। संभावना है कि कम से कम एक सीट और मिलने पर उनकी राजद में एंट्री हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, पुतुल सिंह ने राजद से बांका, अमरपुर, सुल्तानगंज, धोरैया तथा जमुई की एक सीट मांगा है। इनमें बांका या अमरपुर सीट से उनकी बेटी व नेशनल शूटर श्रेयसी सिंह भी चुनाव मैदान में उतर सकती हैं।
पुतुल सिंह को बीजेपी ने कर दिया था निष्कासित
पुतुल सिंह ने अपने पति व बांका के पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह के निधन के बाद 2010 के उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बांका से लोकसभा चुनाव जीता था। बाद में वे बीजेपी में शामिल हो गईं। साल 2014 में पुतुल सिंह बांका से बतौर बीजेपी प्रत्याशी आरजेडी के जयप्रकाश यादव से हार गईं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बांका की सीट राजग में जदयू के खाते में चली गई। इससे नाराज पुतुल सिंह निर्दलीय चुनाव मैदान में कूद गईं। इसके बाद पुतुल सिंह को बीजेपी ने पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।

You may have missed