August 18, 2026

वैशाली में कांग्रेस नेता की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोग हुए उग्र, की आगजनी व पथराव

वैशाली। बिहार में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस चाहे लाख दावे कर ले अपराधी ताबड़तोड़ अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर सरकार और बिहार पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला वैशाली का है, जहां अपराधियों ने शनिवार की सुबह दुस्साहस का परिचय देते हुए कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना से आक्रोशित लोगों द्वारा वैशाली एसपी के सदर अस्पताल पहुंचते ही एसपी की गाड़ी पर पथराव और सड़क जाम कर आगजनी किए जाने की सूचना है। इधर कांग्रेस नेता की हत्या पर पार्टी के युवा नेता कुमार आशीष ने गहरा रोष जताया है। मिली जानकारी के अनुसार वैशाली के नगर थाना इलाके में अपराधियों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस के युवा नेता राकेश यादव को चार गोली मारी और आसानी से फरार हो गए। गोली की आवाज सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राकेश यादव को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है। वहीं घटना के बाद अब वैशाली में बवाल बढ़ने लगा है। मिल रही जानकारी के मुताबिक वैशाली एसपी के सदर अस्पताल पहुंचते ही उग्र भीड़ ने एसपी की गाड़ी पर पथराव किया है। एसपी की गाड़ी समेत पुलिस की कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। मौके से पुलिस ने गोली का कई खोखा भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राकेश यादव की सरेआम हत्या के बाद समर्थक और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोग कांग्रेस नेता का शव लेकर एसपी आवास पहुंच गए और एसपी आवास को घेर लिया।

You may have missed