रेल यात्रा को और महंगे होने की संभावना को जदयू नेता ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कर दी ये मांग

पटना। जदयू नेता सुमन कुमार मल्लिक ने रेल यात्रा को और महंगे होने की संभावना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न नियमों से पहले से ही रेल यात्रा महंगी हो चुकी है और रेल यात्री आर्थिक रूप से परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने रेल मंत्री पियूष गोयल से रेलवे के तत्काल टिकटों के नियमों में भी बदलाव करने की मांग की है। उन्होंने मांग करते हुए रेल मंत्री से कहा है कि रेल यात्री के सामान्य कन्फर्म तथा तत्काल टिकट के कैंसिलेशन के वर्तमान नियमों से यात्रियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रेल मंत्रालय से मांग किया है कि पूर्व की तरह फिर से आरक्षित रेल यात्रा टिकट में निर्धारित शुल्क काटकर रेल यात्रियों को रिफंड देने की नीति बहाल की जाये।
श्री मल्लिक ने कहा कि वर्तमान में कन्फर्म तत्काल टिकट कैंसिल करवाने पर यात्री को कोई पैसा वापस नहीं मिलता हैं, जिससे आम यात्री को बहुत परेशानियां होती हैं। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय के आरक्षण और रद्दीकरण के वर्तमान नियम से यात्री को आर्थिक दोहन का सामना करना पर रहा है। उन्होंने रेल मंत्री से पुन: रेलवे के आरक्षण एवं रद्दीकरण के नियम को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के रेल नियमों के अनुसार करने का अनुरोध किया है, जो जनहित में होगा। उन्होंने कहा कि महंगे रेल टिकट के कारण सभी मध्य वर्गीय यात्री आर्थिक परेशानियों का सामना करने को विवश हैं।

About Post Author

You may have missed