रांची : लालू से मिले तेजस्वी, कहा- शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे लालू, दिल्ली में चुनाव लड़ेगा राजद

CENTRAL DESK : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व राजद सुप्रीमो लालू यादव के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव ने कहा है कि उनके पिता लालू यादव झारखंड में हेमंंत सोरेन के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। बुधवार को रांची के रिम्स में अपने पिता से मुलाकात के बाद तेजस्वी ने लालू यादव के स्वास्थ्य पर चिंता जाहिर की। तेजस्वी ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि राजद दिल्ली में होने वाला विधानसभा चुनाव लड़ेगा, क्योंकि लालू यादव से दिल्ली चुुुुनाव की तैयारी में जी-जान से जुुुटने का निर्देश मिला है। दिल्ली में भी कांग्रेस के साथ ही गठबंधन कर चुनाव लड़ा जाएगा। बिहार के चुनाव को लेकर भी लालू यादव ने जनता को संदेश दिया है। जिन लोगों ने धर्मनिरपेक्षता का चोला पहनकर जनादेश का अपमान किया है, बिहार की जनता उनको सबक सिखाएगी। राजद के कार्यकर्ताओं को उन्होंने संदेश दिया है कि जिस प्रकार से झारखंड में कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है, उससे 4 गुना मेहनत बिहार में करें। 2020 के अक्टूबर में जो चुनाव होंगे, उसकी पूरी तैयारी करें। कार्यकर्ता अभी से ही हर जगह काम करें और समाज के हर वर्ग और सभी धर्म के लोगों को साथ लेकर चलें। वहीं केंद्र सरकार के एनआरसी पर तेजस्वी ने कहा कि यह बेकार का कानून है। गलत नीतियों के कारण झारखंड में भाजपा को सत्ता से हाथ धोना पड़ा। वादा पूरा नहीं किया गया, जनता को झूठ बोलकर बरगलाया, घमंड के साथ सत्ता चलाया और इसका नतीजा झारखंड में देखने को मिला। अब बिहार की बारी है। बिहार के लोगों ने भी मन बना लिया है कि जनादेश का अपमान करने वाली नीतीश सरकार को सबक सिखाएंगे। बहुमत में होते हुए भी नीतीश सरकार वैसाखी पर है। झारखंड कैबिनेट में मंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम गठबंधन में हैं तो सरकार में भी जरूर शामिल होंगे।
बता दें चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू यादव रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे हैं। वे पेईंग वार्ड में भर्ती हैं। लालू प्रसाद से शनिवार को अधिक से अधिक तीन लोग मुलाकात कर सकते हैं। बुधवार को तेजस्वी यादव जेल प्रबंधन से विशेष अनुमति लेकर अपने पिता लालू प्रसाद से मिलने पहुंचे।

About Post Author

You may have missed