BIHAR : रघुवंश ने CM नीतीश को लिखा पत्र, गठबंधन के बड़े नेताओं ने जाना हाल, बेटे को एमएलसी बनाने की चल रही बात!

पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों रघुवंश बाबू खूब चर्चा में हैं। दिल्ली एम्स में भर्ती रघुवंश प्रसाद सिंह के गुरुवार को राजद से इस्तीफा देने के बाद शुक्रवार को भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फोन कर हाल जाना है। इस बीच रघुवंश प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर कई मांगें रखी हैं। वहीं राजनीति गलियारों से जो खबर सामने आ रही, के मुताबिक रघुवंश सिंह के बड़े पुत्र सत्यप्रकाश सिंह गवर्नर कोटे से विधान पार्षद बनाए जा सकते हैं। इसे लेकर जदयू से बात चल रही है।
बता दें राजद में खुद को असहज महसूस कर रहे वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह दिल्ली एम्स में भर्ती हैं और रघुवंश सिंह की राजनीति का केंद्र बिन्दु फिलहाल दिल्ली एम्स ही बना हुआ है। गुरुवार को उन्होंने वहीं से पत्र लिख कर राजद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी पत्र लिख कर उनका इस्तीफा नामंजूर करते हुए कहा है कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं।
नड्डा व नीतीश ने जाना रघुवंश का हाल
मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार की सुबह रघुवंश प्रसाद सिंह को फोन कर उनका हाल जाना है। उनका हाल जानने वालों में सीएम नीतीश एवं केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे भी शामिल हैं। रघुवंश के राजद से इस्तीफा की घोषणा के बाद राजग गठबंधन के बड़े नेताओं के उनसे संपर्क के मायने हैं। रघुवंश के बड़े पुत्र सत्यप्रकाश सिंह को गवर्नर कोटे से एमएलसी बनाए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि इसे लेकर जदयू से बात चल रही है। हालांकि, रघुवंश ने इस बाबत कुछ भी नहीं कहा है।


रघुवंश ने नीतीश को पत्र लिख कर रखीं मांगें
चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच रघुवंश सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कमार को पत्र लिख कर कुछ मांगें रखी हैं। फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री से उन तीन मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया है, जिन्हें वे पूरा नहीं कर पाए। इनमें गणतंत्र की पहली भूमि वैशाली में झंडोत्तोलन करने, भगवान बुद्ध के भिक्षापात्र को काबुल से मंगवाने तथा मनरेगा कानून में आम किसानों की जमीन में काम करने का संशोधन अध्यादेश लाने की मांगें शामिल हैं।
मनरेगा कानून में संशोधन को लेकर लाएं अध्यादेश
रघुवंश ने मनरेगा कानून में सरकारी और एससी-एसटी की जमीन के प्रबंध का विस्तार करते हुए उस खंड में आम किसानों की जमीन में भी काम जोड़ने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि इसके लिए अध्यादेश लागू कर आचार संहिता से बचना चाहिए।
26 जनवरी को वैशाली में हो झंडोत्तोलन
रघुवंश सिंह ने वैशाली को जनतंत्र की जननी और प्रथम गणतंत्र कहते हुए सीएम नीतीश से आग्रह किया है कि वे 15 अगस्त को पटना में और 26 जनवरी को वैशाली में राष्ट्रध्वज फहराने का फैसला करें। उन्होंने इसके लिए 2000 के पहले झारखंड बंटवारे का जिक्र करते हुए कहा है कि तब 26 जनवरी को रांची में झंडोत्तोलन होता था।
अफगानिस्तान से वैशाली लाएं बुद्ध का भिक्षापात्र
रघुवंश ने भगवान बुद्ध का पवित्र भिक्षापात्र अफगानिस्तान से वैशाली लाने की भी मांग रखी है। कहा है कि भगवान बुद्ध ने अंतिम वर्षावास में वैशाली छोड़ने के समय अपना भिक्षापात्र स्मारक के रूप में वैशाली के लोगों को दिया था। रघुवंश इस मुद्दे को लोकसभा में भी उठा चुके हैं।
रघुवंश ने ललन सिंह को भी लिखा पत्र
यहीं नहीं रघुवंश प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री और प्रधान सचिव को भी पत्र लिख कर तीन कार्यों को पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने जदयू सांसद ललन सिंह को भी पत्र लिख कर मुजफ्फरपुर, वैशाली में गंडक नहर पर पुल बनाने, सड़क निर्माण तथा अन्य निर्माण की मांग की है।

You may have missed