महागठबंधन-एनडीए में नहीं गली कुशवाहा की दाल : बसपा और जसोपा संग बनाया नया मोर्चा

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। दल बदलने, नया मोर्चा बनाने का दौर जारी है। जाप अध्यक्ष पप्पू यादव के नया मोर्चा बनाने के बाद मंगलवार को रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की पार्टी बसपा और जनवादी सोशलिस्ट पार्टी के साथ मिलकर नया मोर्चा बना लिया। बता दें कुशवाहा की सीट शेयरिंग के मुद्दे को लेकर महागठबंधन और एनडीए में दाल नहीं गली। जिसके बाद उन्होंने उक्त निर्णय लिया।
इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राजद और नीतीश सरकार दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, इसलिए बिहार की जनता को अब एक नए विकल्प की आवश्यकता है। कुशवाहा ने कहा कि पिछले 30 सालों से बिहार में जंगलराज कायम है। 15 साल पहले और आज के 15 साल वाले दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कुशवाहा ने इशारों-इशारों में तेजस्वी पर हमला बोलते हुए कहा कि महागठबंधन में भी भाजपा का दखल है। कुशवाहा का कहना है कि ऐसी चर्चा है कि किसी न किसी रूप में भाजपा महागठबंधन में भी अपनी पकड़ रखती है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार 15 साल पहले की चर्चा करते हैं, अपने काम का नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लालू राज से तुलना कर फिर से सत्ता में आना चाहते हैं। कुशवाहा ने महागठबंधन को फेल बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार फेल स्टूडेंट से प्रतियोगिता करना चाहते हैं।
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा दो-तीन दिन के दिल्ली प्रवास के बाद सोमवार को पटना पहुंचे थे। वे दोपहर में बसपा के राज्य कार्यालय भी गए थे। वहां उपेंद्र कुशवाहा की मुकेश सहनी और जाप नेताओं से भी उनकी बात हुई थी। शाम को वे पार्टी दफ्तर पहुंचे और समर्थकों से 24 घंटे और इंतजार करने को कहा था।

About Post Author

You may have missed