भारत छोड़ो आंदोलन की 78वीं वर्षगांठ पर बोली कांग्रेस, लोकतंत्र एवं देश के संविधान को बचाने में लगा दें पूरी ताकत

पटना। भारत छोड़ो आंदोलन की 78वीं वर्षगांठ पर प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को पूर्वाह्न साढ़े दस बजे विधानसभा भवन के सामने स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वर्षा की फुहारों के बीच भींगते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी व सांसद शक्ति सिंह गोहिल, बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की उपस्थिति में करीब चार सौ से अधिक कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिये शहीद होने वाले शहीदों को नमन किया। कांग्रेसजनों ने कांग्रेस सेवा दल के जवानों के साथ शहीदों को सलामी दी। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेसजनों को मदन मोहन झा ने प्रतिज्ञान दिलायी।
इस अवसर पर शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश के असंख्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी कुर्बानी दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार बल्लभ भाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद एवं अन्य नेताओं के नेतृत्व में देश ने कठिन त्याग और संघर्ष के बाद आजादी पायी। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र एवं संविधान पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। गोहिल ने कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे लोकतंत्र एवं देश के संविधान को बचाने में अपनी पूरी ताकत लगा दें।
इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, कौकब कादरी, एमएलसी डॉ. समीर कुमार सिंह, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, एमएलसी प्रेमचन्द्र मिश्र, राजेश राम, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, अर्जुन मंडल, एचके वर्मा, प्रवक्ता डॉ. हरखू झा, राजेश राठौड़, प्रो. रूपम यादव, शरबत जहां फातमा, धनंजय मधु, अनिता यादव, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गुंजन पटेल, जया मिश्रा, जमाल अहमद भल्लू, आनंद माधव, पूर्व विधायक लाल बाबू लाल, अजय यादव, राजेश कुमार सिन्हा, मोनी पासवान, दौलत इमाम, कुमार आशीष, छत्रपति यादव, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed