January 27, 2026

बड़े और छोटे भाई ने मिलकर बिहार को पूरी तरह से किया खोखला: डॉ. रतन

भागलपुर। बिहार में जंगल राज बनाम राक्षस राज का बनावटी युद्ध चल रहा है। बिहार से मूल मुद्दे की राजनीति गायब हो चुकी है। व्यक्तिगत बयानबाजी का दौर चल रहा है। बड़े और छोटे भाई दोनों ने मिलकर बिहार को पूरी तरह से खोखला कर आम जनता की उम्मीदों के साथ धोखा करने का काम किया है। उक्त बातें वंचित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. (प्रो.) रतन मंडल ने अपने स्थानीय आवास लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी में पार्टी द्वारा आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम के तहत कही।
उन्होंने एनडीए और महागठबंधन दोनों पर निशाना साधते हुए एक को जंगल राज तो दूसरे को राक्षस राज की संज्ञा दी और कहा कि दोनों के नेतृत्व में बिहार गर्त में जाकर बद से बदतर हालात में सिसक रहा है। उन्होंने कहा कि अभी जब बिहार में कोरोना और बाढ़ जैसी आपदा है तो उन्हें जनता के बीच जाना चाहिए था, मगर वे वर्चुअल रैली कर रहे हैं। वहीं हमलोग जन व कार्यकर्ता संवाद के माध्यम से सीधे जनता के बीच जाकर उनका सुख-दुख जान रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ पीड़ित भगवान भरोसे है। सड़क किनारे प्लास्टिक डालकर वे लोग रह रहे हैं, लेकिन बिहार सरकार उसे बाढ़ पीड़ित मानने से इनकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना पीड़ितों के साथ बिहार में अमानवीय व्यवहार हो रहा है। कोरोना और बाढ़ पीड़ित को देखने एक भी मंत्री निकल नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहारी कहलाने में फक्र होता था, मगर बिहार की अस्मिता को बड़े व छोटे भाई ने मिलकर खत्म कर दिया है। डॉ. मंडल ने कहा कि वे बिहार को एक बेहतर विकल्प देने के लिये संकल्पित हैं। बिहार की खोई हुई अस्मिता को लौटाना चाहते हैं। उन्होंने अंग महाजनपद के पूर्णिया के सपूत सुशांत सिंह राजपूत के मौत की जांच सीबीआई को दिए जाने के लिए बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौतरफा दबाव के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। इस संवाद के जरिए उन्होंने बिहार की आम जनता से आग्रह किया कि ऐसे कुत्सित सोच व मानसिकता वाले मुख्यमंत्री को हर हाल में सत्ताविहीन कर उन्हें अपनी ताकत को दिखा दें।

You may have missed