बिहार में नए जिला, अनुमंडल, प्रखंड, अंचल के गठन को लेकर कवायद तेज, बनी कमिटी

पटना। बिहार में नए जिला, अनुमंडल, ब्लॉक के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है। इस पर निर्णय लेने के लिए नीतीश सरकार ने 6 मंत्रियों का समूह गठित किया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार, पूर्व में बिहार के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी की अध्यक्षता में मंत्रियों का समूह बनी थी। नई सरकार के गठन के कारण अब नये समूह का गठन किया जाता है। बिहार कार्यपालिका नियमावली, 1979 के नियम के अधीन प्रगत शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य में जिला, अनुमंडल, प्रखंड, अंचल के पुनर्गठन के लिए मंत्रियों का समूह गठित किया जाता है।
उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद होंगे अध्यक्ष
मंत्रियों के समूह में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद अध्यक्ष होंगे। वहीं सदस्य के तौर पर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, उर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व मंत्री रामसूरत कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन शामिल हैं। इसके अलावे संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव मंत्रियों के समूह की बैठकों में सहायता के लिए मौजूद रहेंगे। मंत्रियों के समूह को सचिवालय सहायता ग्रामीण विकास विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
