बिहार में कांग्रेस की स्थिति काफी मजबूत, पूरी निष्ठा से लग जाएं कांग्रेसी: अजय कपूर

पटना। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव बिहार प्रभारी अजय कपूर ने कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि बिहार में कांग्रेस पार्टी की स्थिति काफी मजबूत है तथा राज्य के कांग्रेसी अपने सभी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर पूरी निष्ठा से कांग्रेस को मजबूत करने में लग जायें, तो आने वाले समय में बिहार में कांग्रेस पार्टी 1990 के पूर्व की स्थिति में आ जायेगी। श्री कपूर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष, पार्टी के विधानसभा एवं विधान परिषद के सदस्य एवं विधानसभा एवं विधान परिषद के पूर्व सदस्य, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी एवं प्रमुख कांग्रेसजनों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने की।
श्री कपूर ने कहा कि वे पार्टी के सभी वर्ग के नेताओं की भावना को ईमानदारी पूर्वक कांग्रेस आलाकमान तक पहुंचायेंगे। श्री कपूर ने कहा कि आज देश के युवाओं में बेरोजगारी शीर्ष स्तर पर है, आवश्यक वस्तुओं में महंगाई लगातार बढ़ रही है, मुद्रास्फीति की दर में लगातार इजाफा हो रहा है, जीडीपी सबसे निचले स्तर पर पहुंच गयी है, लेकिन केन्द्र सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है। इन मुद्दों से देश की जनता का ध्यान हटाने के लिये नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी आदि विवादित मुद्दे को लाकर भाजपा सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जाकर आम जनता को इन मुद्दों पर सही जानकारी दें।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि वे प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता से मिलते हैं तथा उनकी शिकायतों का यथासंभव निदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वे पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं की राय से निर्णय लेते हैं। वहीं कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह ने कहा कि सभी वर्ग, धर्म एवं सम्प्रदाय के कांग्रेसजनों को एकजुट होकर बिहार में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिये।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, डॉ. समीर कुमार सिंह, विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्र, विधायक अमित कुमार टुन्ना, राजेश कुमार, पूर्व मंत्री विश्व मोहन शर्मा, कृपानाथ पाठक, संजीव प्र. टौनी, पूर्व विधायक नरेन्द्र कुमार, प्रभावती सिंह, लाल बाबू लाल, मनोज कुमार सिंह, एचके वर्मा, प्रवक्ता प्रो. उमाकान्त सिंह, राजेश राठौड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रजेश पांडेय, सुबोध कुमार, प्रो. अम्बुज किशोर झा, आनन्द माधव, रीता सिंह, जया मिश्रा एवं अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी संगठन की मजबूती पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिये।

About Post Author

You may have missed