बजट सत्र का 12वां दिन : बिहार विधानमंडल में दिखी महिला दिवस की झलक, विधानसभा अध्यक्ष बनीं गायित्री देवी, महिला सदस्यों को किया गया सम्मानित

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का सोमवार को 12वां दिन था। बिहार विधानसभा में महिला दिवस की झलक दिखी। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले पक्ष और विपक्ष की महिला विधायकों ने विधानमंडल परिसर में प्रदर्शन किया। महिला दिवस के मौके पर उन्होंने नारेबाजी लगाते हुए कहा कि दुर्गा लक्ष्मी, सरस्वती कहकर ठगते हो, विधानसभा में आरक्षण देने से डरते हो। कांग्रेस की प्रतिमा कुमार, राजद की संगीता कुमारी और मंजू अग्रवाल, भाजपा की अरुणा देवी ने महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। सदन की कार्यमंत्रण समिति की बैठक में फैसला लिया गया कि शिवरात्रि की छुट्टी के अगले दिन 12 मार्च को भी सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
विधायक गायित्री देवी बनी विधानसभा अध्यक्ष
परिहार से भाजपा विधायक गायित्री देवी को विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया गया। सदन की परंपरा के मुताबिक पीठासीन पदाधिकारी ने उन्हें आसन पर बिठाया। इस दौरान महिला सदस्यों ने सदन को संबोधित किया। कांग्रेस की विधायक नीतू कुमारी ने सीएम नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने आबादी के हिसाब से महिला विधायकों को सरकार में मंत्री बनाने की मांग की। इसके बाद हम पार्टी की विधायक और जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी को अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया गया।


महिला सदस्यों को किया गया सम्मानित
विधानसभा और विधान परिषद में सदस्यों को वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से सनस्बेरिया का पौधा भेंट के तौर पर दिया गया। इस पौधा से घर की वायु शुद्ध होती है। इसकी खासियत यह है कि कम पानी, कम धूप में भी आॅक्सीजन अपने आसपास देता है। उधर, बिहार विधान परिषद में भी भोजनावकाश के बाद महिला विधान पार्षद ने महिला दिवस के मौके पर अपना संबोधन दिया। कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने महिला सदस्यों को सम्मानित किया। उन्होंने महिला सदस्यों को उपहार के तौर पर पार्कर पेन दिया।
भड़के बिजेंद्र यादव, हर सवाल पर विद्वता नहीं झाड़ा कीजिए
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने महिला दिवस पर महिला सदस्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। विपक्ष ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने महिला विधायक के नाम के आगे शक्ति स्वरूपा लगा कर पुकारा। विधानसभा में तारांकित प्रश्न शुरू हुआ तो महिला विधायक के सवालों का जवाब देने के लिए मंत्री बिजेंद्र यादव उठे तो माले विधायक टोका-टोकी करने लगे। मंत्री बिजेंद्र यादव ने सवाल के जवाब देने में देरी करने पर विपक्ष के तरफ से कहा गया कि बहुत देर हो रही है, इस पर विजेंद्र यादव ने कहा कि सवाल कई हैं, फाइल खोजने में टाइम लगेगा तो इसमें गलत क्या है। हर सवाल पर विद्वता नहीं झाड़ा कीजिए। उर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव विधानसभा में महिला विधायकों का लगातार जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिला दिवस की तरह ‘मरद दिवस’ भी होना चाहिए। इस पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने मजाक के अंदाज में कहा कि महोदय आज गृह विभाग से ही महिलाएं सवाल क्यों कर रही हैं। इसका जवाब देते हुए बिजेंद्र यादव ने कहा कि महोदय नारी है तो हम हंै। यह जवाब सुनते ही नंदकिशोर यादव ने चुटकी लेते हुए मंत्री बिजेंद्र यादव से कहा कि आप तो नारी विहीन हैं।
एमएलसी सुनील कुमार का सीएम पर तंज, भड़के सीएम नीतीश
विधान परिषद में उद्योग विभाग के अनुपूरक बजट पर बोलते हुए राजद एमएलसी सुनील सिंह ने कहा कि बिजली की कीमत के इस दर पर अगर 1000 करोड़ का निवेश बिहार में आ गया तो मैं वादा करता हूं कि लोढ़ी सिलवटे पर मसाला पिसूंगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बोलने में डर लगता है कि कहीं कोई तुम-तड़ाक ना बोलने लगे। इस दौरान सीएम भी विधान परिषद में मौजूद थे। इससे पहले विधान परिषद में कार्यवाही के दौरान राजद के एमएलसी सुबोध राय पर सीएम नीतीश कुमार भड़क गए। उन्होंने कहा कि पहले नियम जान लो, बीच में यूं ही नहीं बोलना चाहिए, बैठ जाइए।
मंत्री के जवाब से भड़के प्रेमचंद्र मिश्रा
विधान परिषद में बिहार में गिरते जलस्तर पर कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्र ने सवाल पूछा। जवाब में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, जल जीवन हरियाली में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि 3 करोड़ 37 लाख पौधे लगाए गए, 6 हजार 977 तालाब- पोखर का जीणोद्धार हुआ। 5 हजार 258 आहर,11705 पइन ,9766 कुओं का हुआ है जीर्णोद्धार। प्रेमचंद्र मिश्रा पर तंज कसते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ये तो पटना में रहते हैं, इनको क्या पता। जवाब सुनकर प्रेमचंद्र मिश्रा भड़क गए। इस पर जदयू के एमएलसी संजीव कुमार ने कहा कि सीएम को मुख्यमंत्री चश्मा योजना शुरू करना चाहिए।


विधानसभा गेट पर हंगामा
राजद विधायकों ने विधानमंडल गेट के पास सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुजफ्फरपुर शेल्टर होम के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही कहा कि महिलाओं के साथ अत्याचार बंद होना चाहिए। वहीं वाम दल के विधायकों ने महिला उत्थान की मांग की। भाकपा माले के विधायक महबूब आलम ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की स्थिति अच्छी नहीं है। उन्होंने शराब माफियाओं के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग। महबूब आलम ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के नाम पर सरकारी रुपयों की लूट हो रही है, प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर गरीबों से 40 हजार की वसूली की जा रही है, पुलिस और प्रशासन की सांठगांठ से ग्रामीण इलाकों में शराब पहुंचाई जा रही है। शराबबंदी पूरी तरह से फ्लॉप हो गई। गरीबों और दलितों को जेल भेज दिया गया है।
शिवरात्रि के अगले दिन भी सदन की कार्यवाही स्थगित
सदन की कार्यमंत्रण समिति की बैठक में फैसला लिया गया है कि शिवरात्रि की छुट्टी के अगले दिन 12 मार्च को भी सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है। विधायकों ने शिवरात्रि के दूसरे दिन भी छुट्टी की मांग की थी, जिसे स्वीकृत किया गया।

About Post Author

You may have missed