फतुहा नगर परिषद क्षेत्र की दुधिया रौशनी पड़ गयी मद्धिम, कंपनी की कोई खोज खबर नहीं
फतुहा (भूषण प्रसाद)। चार महीने पहले जिस दुधिया रौशनी से फतुहा शहर जगमगा उठी थी, वह रौशनी अब फ्रेंचाइजी कंपनी के उदासीनता से काफी मद्धिम पड़ चुकी है। जिस रौशनी से स्टेशन रोड, गोविंदपुर बाजार के साथ-साथ अन्य जगह शाम होते ही दुधिया रौशनी से नहला उठती थी, वहां अब अंधेरे के शिवा कुछ देखने को नहीं मिल रहा है। कारण कि ईएसएसएल कंपनी के द्वारा चार महीने पहले लगाई गई शहर की अधिकांश बत्ती खराब हो चुकी है। जानकारी के अनुसार यह कंपनी नगर आवास विभाग की फ्रेंचाइजी थी, जो फतुहा नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में पौल सहित लाइट लगाने का काम किया था। कंपनी से विभाग का सात साल का अनुबंध था। इस दौरान कंपनी को खराब पड़े लाइट को 24 घंटे में मरम्मत भी करना था। लेकिन हालात यह है कि अधिकांश लाईटें महीनों से खराब पड़ी हैं लेकिन कंपनी का कोई अता-पता नहीं है।

जानकारी तो यहां तक है कि कंपनी के द्वारा कई वार्डों में आधे-अधूरे ही कार्य किए गए हैं। ऐसी स्थिति में जहां नगर परिषद क्षेत्र एक बार फिर से पुराने ढर्रे पर चलने को मजबूर हैं, वहीं अधिकांश लाइट के खराब होने से वार्ड पार्षदों ने भी नाराजगी जताई है। इस संदर्भ में कार्यपालक पदाधिकारी कपिलदेव प्रसाद ने बताया कि खराब पड़े लाइट व आधे-अधूरे कार्य को लेकर कंपनी के विरुद्ध नगर आवास विभाग को काफी पहले चिठ्ठी दी गई है, लेकिन अब तक कोई आदेश नहीं आया है।


