फतुहा की खबरें: ट्रेन से कट कर महिला ने दी जान, गंगा में डूबने आयी महिला को लोगों ने बचाया
फतुहा। रविवार को दोपहर सैदपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला ने ट्रेन से कट कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। महिला की पहचान डुमरी गांव निवासी मिथिलेश कुमार की पत्नी सुन्दरी देवी के रुप मे हुई है। घटना की जानकारी होते ही परिजन शव को रेलवे ट्रैक से लेकर चले गए। बताया जाता है कि महिला पारिवारिक कलह से त्रस्त थी। यह घटना डाउन ट्रैक पर पटना-झाझा सवारी गाड़ी से हुई है।

बच्चे के साथ गंगा में डूबने आयी महिला को लोगों ने बचाकर पुलिस को सौंपा
फतुहा। रविवार को दोपहर स्थानीय मस्ताना घाट पर स्थानीय लोगों ने एक महिला व उसके तीन वर्षीय बच्चे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला अपने बच्चे के साथ गंगा में डूबने के लिए आयी थी। जब वह बच्चे के साथ गंगा में डूबने के लिए आगे बढ़ी तो आशंका होने पर उसे पकड़ लिया गया। महिला की पहचान दनियावा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी सुनील बिंद की पत्नी सरिता देवी के रुप में हुई है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार इस बात की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार महिला किसी भी कारण को स्पष्ट रुप से नही बता पा रही है। लेकिन उन्होंने पारिवारिक कलह की आशंका व्यक्त किया है।
घर के पास लगी ट्रैक्टर चोरी
फतुहा। बीते शनिवार की रात्रि शिवचक गांव में एक घर के पास से अज्ञात चोरों द्वारा डाला सहित एक ट्रैक्टर की चोरी कर ली गई। इस बात की जानकारी ट्रैक्टर मालिक को तब लगी जब सुबह होने पर वह घर से बाहर निकले। इस संदर्भ में ट्रैक्टर मालिक शिवचक गांव निवासी राज किशोर सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। बताया जाता है कि वे प्रतिदिन अपने ट्रैक्टर को घर के पास ही लगाते थे।
स्कूली बच्चों ने लगाया फूड एग्जीबिशन का स्टॉल

फतुहा। रविवार को स्थानीय डैफोडिलस पब्लिक स्कूल के परिसर में स्कूल के बच्चों ने फूड स्टॉल लगाया। बच्चों ने हर प्रकार के व्यंजन का स्टॉल लगाकर स्कूल परिवार के साथ-साथ अभिभावकों को भी मोहित कर लिया। इतना ही नहीं बच्चों ने विज्ञान उपकरणों को भी अपने हस्तकला से उभार कर प्रदर्शन किया। गुनगुने धूप में बच्चों के साथ अभिभावक व शिक्षक भी विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुत्फ उठा मस्ती किया। इसके पहले इस एग्जीबिशन का उद्धाटन मुख्य अतिथि के रुप में आए एसआई मिथिलेश कुमार व प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रेम कुमार ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। एसआई मिथिलेश कुमार ने बच्चों के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को सृजनात्मक समाज के लिए जरुरी बताया तथा बच्चों में पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक व मानसिक रुप से विकसित होने के लिए इस तरह का आयोजन को आवश्यक बताया। इस दौरान अतिथियों द्वारा स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया। मौके पर शिशुपाल यादव, कपिलदेव प्रसाद, भूषण प्रसाद, पंकज कुमार समेत स्कूल के निदेशक संजय कुमार सिन्हा तथा मनोज कुमार सिंह भी मौजूद थे।

