PATNA : पत्नी को दहेज में रूपये के लिए प्रताड़ित करना एनएमसीएच के डॉक्टर को पड़ा महंगा, गिरफ्तार

पटना। पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना एक डॉक्टर को महंगा पड़ गया है। दहेज प्रताड़ना के आरोप में महिला थाने की पुलिस ने रविवार को एनएमसीएच के डॉ. आशीष जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित डॉक्टर की तलाश काफी दिनों से कर रही थी। पकड़ा गया डॉक्टर पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के नरईपुर गांव का रहनेवाला है। शादी के बाद दहेज में 5 लाख रुपये की मांग करने तथा प्रताड़ित करने के आरोप में पत्नी विजय लक्ष्मी की ओर से आरोपित डॉक्टर पति के खिलाफ महिला थाने में केस दर्ज कराया था।
बताया जाता है कि डॉ. आशीष कुमार की शादी 15 सितंबर 2015 को सारण (छपरा) जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के काजी टोला निवासी विजय लक्ष्मी से हुई थी। पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद पति उससे दहेज में 5 लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज देने में असमर्थता जताने पर पति द्वारा अक्सर उसे मारपीट कर प्रताड़ित किया जाने लगा। 3 अक्टूबर को पत्नी ने अपने आरोपित पति डॉक्टर समेत ससुर हीरा प्रसाद जायसवाल, सास मंजू देवी, देवर अभिषेक कुमार जायसवाल, नंदोई प्रवीण जायसवाल एवं देवरानी काजल कुमारी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज करायी।
पुलिस को दिये आवेदन में पीड़ित पत्नी विजय लक्ष्मी ने लिखा है कि शादी के दो साल तक सब कुछ ठीक चला। उसे छह माह का एक बेटा भी है, लेकिन बाद में उसके पति आशीष का संबंध एक दूसरी महिला से हो गया। राजेंद्र नगर स्थित डॉक्टर कॉलोनी के अपने फ्लैट में पति उस महिला को रखे थे। कई बार उन्हें उक्त महिला के साथ आपत्तिजनक हाल में पकड़ा, जिसका विरोध करने पर वह मारपीट व गाली-गलौज करते थे। पत्नी का आरोप है कि दहेज के लिए उसके पति के साथ ही ससुराल वालों ने भी मारपीट की। बाद में घर से बाहर निकाल दिया। मजबूर होकर मायके में शरण लेनी पड़ी। बाद में पत्नी ने आरोपित पति डॉ. आशीष समेत ससुराल के लोगों के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद आरोपित डॉक्टर पति को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

About Post Author

You may have missed