पटना में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, कर चुके थे महावीर मंदिर में शादी
25 दिन बाद मुहल्ले में ही कीचड़ भारी झाड़ी बोरे में बंद पड़ी मिली लाश
पुलिस लड़की समेत उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लेकर कर रही है पूछताछ

फुलवारी शरीफ। मुहल्ले की लड़की से पहले प्यार मुहब्बत और फिर मंदिर में शादी कर साथ जीने-मरने की कसमें वादे खाने वाले प्रेमी युगल के बीच चंद महीनों में ही ऐसी अनबन हो गयी की प्रेमिका के परिवार वालों ने प्रेमी की हत्या कर लाश को मुहल्ले के पास ही कीचड़ भरी झाड़ियों में बोर में बंद कर फेंक दिया। 25 दिनों बाद जब लाश से से सड़ांध और बदबू आने लगी तो लोंगो की भीड़ झाड़ियों में लाश को देख आक्रोशित हो गई। मृतक की शिनाख्त मोहल्ले के लापता युवक राहुल के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस दौरान विलाप करते परिजन और मुहल्ले की महिलाओं ने पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप परिजनों ने लगाया और कहा कि राहुल का मोबाइल का सीडीआर निकालकर पड़ताल करती तो लापता होने की रात प्रेमिका से हुई लंबी बातचीत का पूरा राजफाश कर सकती थी। हालांकि पुलिस ने अनुसंधान करते रहने की बात कही। बहरहाल पुलिस ने लड़की और उसके घरवालों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना के फुलवारीशरीफ प्रखंड परिसर में झाड़ी में बोरे में बंद क्षत-विक्षत हालात में युवक की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने शव की पहचान उत्तरी संगत के कृष्णा पंडित के 19 वर्षीय बेटे राहुल कुमार के रूप में की। युवक 25 दिन से लापता था। युवक की हत्या कर हत्यारों ने शव को बोरे में भरकर फेंक दिया और फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक के बड़े भाई के बयान के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लड़की समेत उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग में हत्या होने का शक मानकर भी पड़ताल कर रही है।

पिछले महीने दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी
मृतक के बहनोई शंभु पंडित ने बताया कि 10 फरवरी की शाम छह बजे से राहुल लापता था। अपने स्तर से खोजबीन शुरू किया तो कहीं सुराग नहीं मिला। 18 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराया।
चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
लड़की ने बताया कि चार साल पहले से राहुल से प्रेम प्रंसग चल रहा था। एक साल पहले शादी की नीयत से दोनों भाग गये थे। इसी दौरान पटना जंक्शन के महावीर मंदिर में शादी कर ली। वहां से शादी करने के बाद दिल्ली भाग गये, जहां 8 माह एक साथ रहे। फिर दोनों गायघाट में आकर रहना शुरू किया। इसी बीच लड़का और लड़की के परिवारवालों से गाली गलौज होता रहा। अंत पुलिस ने प्रेमी जोड़ा और उसके परिवार के बीच थाने में बुला कर समझौता भी हो गया। समझौता इस बात पर हुआ की लड़का के साथ लड़की रहेगी। मगर यह समझौता आगे नहीं चला। लड़की लड़के पर कोर्ट मैरेज करने का दबाव बनाती रही मगर वह टालता रहा। तीन-चार महीना तक गाय घाट के एक मुसहरी में रहे। उसके बाद वह छोड़ कर अपने घर आकर रहने लगा। इसी बीच वह भी अपने मां बाप के घर आ गयी।
10 फरवरी को अंतिम बार प्रेमी-प्रेमिका दोनों में हुयी थी लंबी बात
पुलिस ने दोनों के मोबाइल का सीडीआर निकाला तो पता चला कि 10 फरवरी के रात 8 बजे तक दोनों के बीच लंबी बात हुई है। फिर दोनों का मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुये लड़की और उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक भाईयों में मंझला था
मिट्टी के बरर्तन बनाने वाले पिता कृष्ण पंडित को तीन बेटे और दो बेटियां है। मृतक भाईयों में मंझला था। बड़े बेटे राजकुमार पेंटर का कार्य करता है जबकि छोटा भाई दीपक कुमार छात्र है। दो बहनें है बड़ी बहन रंजू देवी और छोटी बहन प्रीति कुमारी है। लाश मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। मां रीता देवी बेटे की लाश को देखकर दहाड़ मार कर विलाप करने लगी। रोते हुए मृतक की मां और बहने प्रेमिका और उसके परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगा रही थी।
थानेदार रफीकुर रहमान ने बताया मृतक के परिजन ने लड़की और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि मृतक के परिवार से अब तक लिखित आवेदन नहीं आया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

