नारी सशक्तिकरण से बिहार के सामाजिक संरचनाओं में आया है बदलाव : मंत्री
फतुहा। नारी सशक्तिकरण से बिहार के सामाजिक संरचनाओं में बदलाव आया है। बिहार की बेटियों ने अपने दम पर जो परचम लहराया है, वह दूसरे राज्यों के लिए प्रेरणा बन रही है। उक्त बातें बिहार सरकार के जन सूचना संपर्क मंत्री नीरज कुमार ने कही। मौका था स्थानीय गोविंदपुर स्थित विश्वबंधु पुस्तकालय में विश्व महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक गोष्ठी का। मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि सरकार बिहार की बेटियों को शैक्षणिक महौल देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। सरकारी सेवाओं में बिहार की बेटियों ने अपनी एक विशेष पहचान बनायी है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि शैक्षणिक संस्थानों के सही संचालन के लिए सामाजिक सरोकार की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने लोगों को पर्यावरण से जोड़ने के लिए माल्यार्पण व अंग वस्त्र से स्वागत करने के बजाए वृक्ष के छोटे पौधे से स्वागत किए जाने की अपील की। गोष्ठी की अध्यक्षता पुस्तकालय के अध्यक्ष रामजी प्रसाद ने की। गोष्ठी में गीता देवी, सुरेंद्र नारायण मिश्र, सतीश कुमार, धर्मवीर गोप, संजय पांडे, रंधीर यादव, सत्येंद्र कुमार, सीताराम प्रसाद, अनुरोध कुमार, सिदधनाथ चक्रवर्ती समेत कई गणमान्य महिला व पुरुष लोग मौजूद थे।


