तेजस्वी का जबरदस्त हमला : बीजेपी ने जनादेश को किया हाईजैक, छल कपट से बनाई जा रही सरकार

पटना। बिहार विधानसभा का चुनाव परिणाम जारी होने के बाद गुरुवार को पहली बार मीडिया के सामने आए राजद नेता तेजस्वी यादव। महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे तेजस्वी यादव ने जदयू-भाजपा पर जमकर हमला बोला, साथ ही चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया। बता दें चुनाव परिणाम एनडीए के पक्ष में आने के बाद राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा देर शाम चुनाव आयोग से मिले थे और कम अंतर वाले सीटों पर तिकड़मबाजी का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह खेल सीएम हाउस से खेला जा रहा है। उसके अगले दिन कांग्रेस ने भी कुछ ऐसा ही आरोप एनडीए पर लगाया था और आज तेजस्वी ने भी मीडिया के सामने आकर यही आरोप मढ़ा।
राजधानी पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में छल कपट से सरकार बनाई जा रही है। जनता ने फैसला महागठबंधन के पक्ष में दिया लेकिन चुनाव आयोग ने नतीजा एनडीए के पक्ष में सुना दिया। बीजेपी ने जनादेश को हाईजैक किया है। हम लोग रोने वाले नहीं हैं। हम संघर्ष करने वाले लोग हैं। जनता के बीच जाएंगे। हमने पूरे चुनाव बिहार के मुद्दे को उठाया है। धन-बल, छल के बाद भी महागठबंधन को वह वाले रोक नहीं पाए हैं। तेजस्वी ने चुनाव में मिले वोटों का गणित भी समझाया। कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार ही एनडीए और महागठबंधन को डेढ़ करोड़ से ज्यादा वोट मिले हैं। चुनाव आयोग कहता है कि महागठबंधन को एनडीए से केवल 12270 वोट कम मिले। अगर केवल 12 हजार ही वोट कम मिले तो 15 सीटें कैसे कम हो गईं?
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार नैतिकता और सिद्धांत की बात करते हैं। वह अब जनता के फैसले का सम्मान करें। छल कपट से मिली सीटों के आधार पर सरकार न बनाएं। बिहार ने बदलाव का जनादेश दिया है। नीतीश में नैतिकता है तो कुर्सी छोड़ दें। बिहार के मुख्यमंत्री चोर दरवाजे से सत्ता हथियाना चाहते हैं। तेजस्वी ने आगे कहा कि एनडीए लाख कोशिश के बाद भी राजद को सबसे बड़ी पार्टी बनने से रोक नहीं पाई।

About Post Author

You may have missed