झारखंड विधानसभा चुनाव में फैसले की घड़ी के कुछ घंटे, प्रत्याशियों के दिल की धड़कने तेज

CENTRAL DESK : झारखंड विधानसभा चुनाव में फैसले की घड़ी के कुछ घंटे शेष रह गए हैं। इसी के साथ प्रत्याशियों के दिल की धड़कने तेज हो गई है। सोमवार को मतदाताओं के फैसले पर आखिरी मुहर लगेगी। पांच चरणों में 81 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान के बाद सोमवार को सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। इस क्रम में मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के भारी बंदोबस्त किए गए हैं। तमाम काउंटिंग सेंटरों पर मॉक ड्रिल भी किया गया है। निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने जिलों में स्ट्रांग रूम की निगरानी में जुटे हैं। यहां मतगणना से जुड़ी हर गतिविधि को नजदीकी तौर पर परखा गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्यभर के 24 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू होगी। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद ईवीएम के मतों की गणना की जा जाएगी। यहां अलग-अलग 14 से 20 काउंटिंग टेबल बनाए गए हैं। एक राउंड में अधिकतम 14 ईवीएम के वोटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद रैंडम तर्ज पर वीवीपैट की पर्चियों से पांच मतदान केंद्रों के ईवीएम के मतों का मिलान किया जाएगा। हर राउंड में में मतों की गिनती के बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी। वोटों की गिनती के साथ ही जनता की अदालत में 1215 प्रत्याशियों की किस्मत का भी फैसला हो जाएगा। किसकी जमानत जब्त होगी, किसकी बचेगी, किसके सिर सजेगा ताज और किसकी बनेगी सरकार, इन सभी बातों का जवाब अब से चंद घंटे बाद सामने आ जाएंगे। सत्ता रहने या बेदखल होने की प्रत्याशा सबसे अधिक भाजपा के खेमे में देखी जा रही है। इस दौरान 29464 मतदान केंद्रों पर 41870 ईवीएम में डाले गए वोटों की गिनती की जाएगी। इस चुनाव में कुल 1215 उम्मीदवारों में 1087 पुरुष और 127 महिला के साथ एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं। राष्ट्रीय दलों, मान्यता प्राप्त दलों के साथ ही 366 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपने भाग्य बांचे जाने के इंतजार में हैं।
इधर राजनीतिक दलों की ओर से अपनी-अपनी जीत के दावे के साथ जनता का पूरा सहयोग मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन अंदरुनी तौर पर हर दल की धड़कने काफी जोर से फड़क रहा है। कुछेक नेता जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे हैं, तो कुछ ने बिलकुल चुप्पी साध रखी है। सर्वाधिक चर्चा मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के बागी सरयू राय की सीट जमशेदपुर पूर्वी की है, जहां झारखंड के वर्तमान सीएम की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन दुमका और बरहेट के दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार से चुनाव मैदान में हैं। आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो की प्रतिष्ठा भी सिल्ली सीट पर फंसी है। इधर विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले ही उत्साहित समर्थक शहर के अलग-अलग हिस्सों में पोस्टर लगाने में जुट गये हैं। झामुमो नेता हेमंत सोरेन के समर्थन में लगे एक पोस्टर में अबकी बार हेमंत सरकार का दावा किया गया है। कुछेक जगहों पर जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं, मिठाइयों व फूलों के लिए आर्डर भी दिए गए हैं। हालांकि, चुनाव में जीत को लेकर अब तक कोई भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिख रहे हंै। कुल मिलाकर सुबह के पहले रूझान का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा है।

About Post Author

You may have missed