जमुई में बाइक सवार सहोदर भाईयों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

जमुई। बिहार के जमुई से दुखद खबर सामने आई है, जहां दो सहोदर भाईयों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। जमुई के एनएच 333 लक्ष्मीपुर-खड़गपुर मार्ग पर कृषि फार्म के समीप लोहा पुल के नीचे गिरने से बाइक सवार दो सहोदर भाईयों की मौत हो गई है। मृतक की पहचान मंगरार गांव निवासी फकीरा साह के पुत्र सोनू साह और सुभाष साह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम दोनों भाई बाइक से लक्ष्मीपुर बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान लक्ष्मीपुर-खड़गपुर मार्ग पर कृषि फार्म के समीप उसने अपने बाईक पर से नियंत्रण खो दिया और दोनों भाई बाइक समेत लोहा पुल के नीचे जा गिरे। गंभीर अवस्था में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दोरान मंगलवार की रात छोटे भाई सुभाष की मौत हो गई, जबकि बुधवार की सुबह बड़े भाई सोनू ने भी दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने शव के साथ लक्ष्मीपुर बाजार में घंटों सड़क को जाम कर दिया। जिसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्वजन मुआवजा की मांग के साथ लोहा पुल के समानांतर पुल निर्माण करा रहे संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि संवेदक द्वारा लोहा पुल का रेलिंग काट देने के कारण अक्सर वहां दुर्घटना होते रहती है। वहीं जाम की सूचना पाकर बीडीओ अतुल प्रसाद, सीओ शशांक कुमार तथा प्रभारी थानाध्यक्ष गुप्तेश्वर सिंह मौके पर पहुंच स्वजन को समझाने का प्रयास किया लेकिन स्वजन वरीय पदाधिकारियों को जाम स्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीओ लखींद्र पासवान एवं एसडीपीओ रामपुकार सिंह मौके पर पहुंच हर संभव सरकारी मुआवजा देने तथा पुल निर्माण कार्य करा रहे संवेदक पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग माने और जाम हटाया जा सका।

You may have missed