BIHAR : घात लगाए अपराधियों ने पत्रकार को मारी गोली, हालत चिंतानक, पत्रकारों ने दिया चेतावनी

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के मांझा थाने के पुरानी बाजार के समीप एक हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार को गोली मारकर घायल कर दिया है। गोली मारने के बाद अपराधी मृत समझ कर फिल्मी स्टाइल में हथियार लहराते हुए भाग निकलने में कामयाब रहे। अपराधियों ने पूरी वारदात को तीन से पांच मिनट के भीतर अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। इधर, घटना के बाद पुलिस एक्टिव हो गई है। मांझा थाने की पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी तीन की संख्या में आये थे और पत्रकार के घर के समीप ही घात लगाकर उनके निकलने का इंतजार कर रहे थे। बाइक से जैसे ही पत्रकार राजन पांडेय बाजार की ओर जाने के लिए निकले, तीनों अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान भागने की कोशिश करने पर पत्रकार को दौड़ा कर सीने में गोली मार दी। अपराधियों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां चलायीं, लेकिन एक गोली पत्रकार के सीने में लगी। गोली लगते ही राजन पांडेय बेसूध होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी उन्हें मृत समझ हथियार लहराते हुए भाग निकले। खून से लथपथ पत्रकार को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और यहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
एसपी मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में वरीय पुलिस अधिकारी गिरफ्तार दो अपराधियों से पूछताछ करने में जुटे हैं। पुलिस को वारदात में प्रयोग किये गये हथियार नहीं मिल सका है। मांझा के थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि फरार तीसरे अपराधी नन्हे सिंह की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। अपराधी के घर वृत्ति टोले में भी छापेमारी की गयी, लेकिन वह वहां से फरार हो चुका था। एसपी ने कहा कि तीनों अपराधियों की गिरफ्तारी होने के बाद घायल पत्रकार के फर्दबयान के बाद वारदात का खुलासा हो पायेगा। पुलिस की अलग-अलग तीन टीमें छापेमारी में लगायी गयी है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य के अनुसार वारदात में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा।
लिवर के पास फंसी है गोली
अपराधियों की गोली के शिकार हुए पत्रकार राजन पांडेय की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मंगलवार की देर शाम पत्रकार को एंबुलेंस से लखनऊ पहुंचाया गया, जहां आइसीयू में भर्ती कराने की बात बतायी गयी। डॉक्टरों के मुताबिक, लिवर के पास गोली फंसी है। आॅपरेशन कर गोली निकालने के बाद खतरा कम हो सकता है।
कटेया से पकड़ाया निजी स्कूल का शिक्षक
पत्रकार को गोली मारने के मामले में पुलिस ने छापेमारी शुरू की तो कोईनी गांव का आरोपित राजकुमार साह कटेया की ओर फरार हो गया। कटेया के निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत राज कुमार साह को कटेया पुलिस ने गिरफ्तार कर मांझा थाने की पुलिस को सौंप दिया है। वहीं दूसरे आरोपित रंजीत कुमार यादव की गिरफ्तारी मांझा से करने की बात बतायी जा रही।
पत्रकार संगठनों में आक्रोश, दी चेतावनी
पत्रकार राजन पांडेय को दिनदहाड़े गोली मारने के मामले में पत्रकार संगठनों ने आक्रोश जताते हुए पुलिस को 24 घंटे के अंदर सभी अपराधियों की गिरफ्तारी करने का अल्टीमेटम दिया है। गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मांझा प्रखंड में पत्रकार सुदीश श्रीवास्तव, अशरफ अली, अखिल कुमार, अनुज कुमार सिन्हा, अजय कुमार, संदीप कुमार ने थानाध्यक्ष छोटन कुमार से मिलकर घटना को अंजाम देनेवाले अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। थानाध्यक्ष ने दो घंटे के अंदर दो अपराधियों की गिरफ्तारी की। थानाध्यक्ष ने फरार अन्य अपराधी की जल्द गिरफ्तारी करने का भी आश्वासन दिया।

You may have missed