खबरें फतुहा की : हैवानियत करने वाला ससुर गिरफ्तार, मंदिर निर्माण निधि में किया दान, बाइक चोरी
बहु के साथ हैवानियत करने वाला गिरफ्तार
फतुहा। बुधवार की रात्रि फतुहा पुलिस ने अपने बहु के साथ हैवानियत करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी आरोपी के घर से की है। गिरफ्तार आरोपी मनोज सिंह है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। इस बात की जानकारी देते हुए अनुसंधानकर्ता रवि पासवान ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कुछ दिनों से घर पर रह रहा है तो पुलिस उसके घर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।
विदित हो कि बीते वर्ष सितंबर माह में आपसी विवाद को लेकर थाना क्षेत्र के एक गांव में आरोपी ने अपने बहु के साथ हैवानियत किया था। उसके हैवानियत से महिला के निजी अंग काफी क्षतिग्रस्त हो गया था। महिला महीनों अस्पताल में रहकर अपना इलाज करायी थी। इस मामले में महिला ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी थी।

मंदिर निर्माण निधि में ई-रिक्शा चालकों ने किया दान

फतुहा। फतुहा प्रखंड के शहरी व ग्रामीण इलाके में राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह का कार्य इन दिनों जारी है। यह धन संग्रह संघ व भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा किया जा रहा है। गुरुवार को समसपुर में जहां ई रिक्शा चालकों ने इस कार्य के लिए स्वेच्छा से धन दान दिए। वहीं राजद के प्रमुख कार्यकर्ता दयानंद यादव ने भी राम मंदिर निर्माण निधि में स्वेच्छा से धन दान किया। इस दौरान मंदिर निर्माण समिति के समर्पण अभियान से जुड़े संघ प्रचारक रामचन्द्र प्रसाद, भाजपा कार्यकर्ता विजय वत्स, मनोज कुमार, विक्की कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
बाइक की चोरी
फतुहा। खेत में तेल छींट रहे किसान का चोरों ने भिखुआ गांव के पास फोरलेन से बाइक उड़ा लिया। जब किसान खेत से वापस फोरलेन पर लौटा तो उसकी बाइक वहां से गायब थी। पीड़ित किसान भिखुआ गांव निवासी जगदीश प्रसाद ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।

