खबरें फतुहा की : असमाजिक तत्वों ने की फायरिंग, वसुधा केन्द्र में चोरी, गया से चोरी ट्रैक्टर बरामद

असमाजिक तत्वों ने की फायरिंग, लोग सहमे
फतुहा। बुधवार की देर रात्रि स्टेशन रोड में मध्य ग्रामीण बैंक के सामने एक घर के पास असमाजिक तत्व के लोगों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग डर से सहम गये। जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले असमाजिक तत्व के लोग घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखा भी बरामद किया है। इस संदर्भ में अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए घर मालिक बंटी कुमार की पत्नी संगीता देवी ने असमाजिक तत्व के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी है। पुलिस की माने तो युवक के वर्षों पहले अंतरजातीय विवाह किए जाने के कारण आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसकी जांच की जा रही है।

वसुधा केन्द्र से 90 हजार रुपये की चोरी
फतुहा। बीते मंगलवार को रात में थाना क्षेत्र के मोहिउदीन पुर गांव स्थित एक वसुधा केन्द्र से चोरों ने केन्द्र का दराज तोड़कर 90 हजार रुपये की चोरी कर ली। इस संदर्भ में पीड़ित वसुधा केन्द्र मालिक अरविंद कुमार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित वसुधा केन्द्र मालिक अरविंद कुमार की माने तो उसे इस बात की जानकारी तब हुई, जब सुबह उठकर अपने मकान में स्थित केन्द्र पर पहुंचे। चोर घर के पिछले भाग से वसुधा केन्द्र में पहुंचा तथा केन्द्र के अंदर रखे दराज को तोड़कर 90 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

गया से चोरी ट्रैक्टर फतुहा से बरामद
फतुहा। बुधवार की रात्रि गया पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से चोरी गयी एक ट्रैक्टर को थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव से बरामद किया है। पुलिस ने घटनास्थल से चोरी की एक और ट्रैक्टर भी बरामद किया है। घटना के विषय में एसआई मिथिलेश कुमार ने बताया कि बीते रात्रि गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र से एक ट्रैक्टर चोरी कर बदमाश भाग निकले थे। वहां की पुलिस को इस बात की जानकारी होते ही बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। ट्रैक्टर में लगे जीपीएस फतुहा की ओर संकेत करने लगी। इसके बाद वहां की पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस दौलतपुर गांव पहुंची। गांव पहुंचने पर देखा गया कि एक खलिहान के पास दो ट्रैक्टर खड़ी है। गया जिले के अतरी पुलिस ने जीपीएस लगे ट्रैक्टर की पहचान कर व कागजी प्रकिया पूरी कर उक्त ट्रैक्टर को वापस अतरी ले गयी। जबकि वहीं दूसरे ट्रैक्टर को थाने लाया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

About Post Author

You may have missed