BIHAR : खगड़िया में सरकारी स्कूल की 50 फीट दीवार ढही, 8 शव निकाले गए, 2 जख्मी

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। खगड़िया मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर एक सरकारी स्कूल की दीवार ढहने के कारण कई मजदूरों के मारे जाने की खबर है। अब तक 8 शव मलबे से बरामद किए जा चुके हैं। वहीं घटना में दो मजदूर जख्मी हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। राहत व बचाव कार्य जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिला अंतर्गत महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडी टोल बन्नी में स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल के पास नाला बनवाया जा रहा है, जिसके लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। सोमवार की सुबह इसी दौरान स्कूल की 50 फीट दीवार गिरने से दर्जन भर से ज्यादा मजदूर दब गए। दीवार के पास कुछ लोग बैठे हुए थे, जो इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना पाकर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंच बचाव कार्य में जुटी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, वे सभी मजदूर हैं। ये सभी लोग नाले के निर्माण का काम कर रहे थे।


खगड़िया के डीएम शत्रुंजय मिश्रा ने बताया कि नाले की खुदाई के दौरान दीवार ढहने की बात सामने आ रही है। यह घटना खगड़िया मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई। खगड़िया के डीएसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।

About Post Author

You may have missed