PATNA : कड़ाके की ठंड को देखते हुए गरीब व जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटने को उठे कई हाथ

फुलवारीशरीफ। कड़ाके की ठंड को देखते हुए गरीब, मजदूर, झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले, रिक्शा ठेला चलाने वाले परिवारों के बीच ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल बांटने कई हाथ उठे हैं। इमारत शरिया में भी सैकड़ों परिवारों के बीच कंबल वितरित किया गया है। टमटम पड़ाव चर्च में फुलवारी बीडीओ के हाथों कंबल वितरित किया गया। वहीं अलवा कालोनी में एक निजी स्कूल में 150 गरीब परिवारों को कंबल बांटा गया। इसके अलावा परसा के कुरथौल स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ ट्रस्ट कई गांवों में लगातार कंबल वितरण का कार्य कर रहा है।


इमारत शरिया में सैंकड़ो जरूरतमंद परिवारों को बंटा कंबल
इमारत शरियाह के कार्यवाहक सचिव मौलाना मुहम्मद शिबली अल कासमी ने धनी लोगों से अपील की है कि अपने आसपास के गरीबों का ध्यान रखें। ठंड से परेशान लोगों की मदद करें, उन्हें कंबल और गर्म कपड़े दें। यह बड़ा ही पुण्य का काम है। इस समय जब जाड़े का मौसम चल रहा है झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब समुदाय के बहुत से लोग गरम कपड़े एवं ओढ़ने के मोहताज हैं। इमारत शरिया फुलवारी शरीफ हेड कार्यालय में गरीबों और जरूरतमंदों के बीच बड़ी संख्या में कंबल वितरित किए गए हैं। इमारत शरिया के उप सचिव मौलाना मुफ्ती मुहम्मद सोहराब नदवी द्वारा फुलवारी शरीफ के दफ्तर में कंबल वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त भुसौला दानापुर, जानीपुर मेन रोड के किनारे बसे गरीबों एवं जरूरतमंदों के बीच भी कंबल वितरित किया गया। कंबल वितरण के इस कार्य में मौलाना मुफ्ती मोहम्मद सोहराब नदवी कासमी, उप सचिव इमारत शरिया, मौलाना आदिल साहिब, जमाल साहिब नकीब, डॉ. नकी इमाम साहिब, नायब नकीब, नन्हे साहब, कयामुद्दीन उर्फ मंटो खान और अन्य लोग उपस्थित थे।
गायत्री प्रज्ञा पीठ द्वारा कई गांवो में बंटा कंबल
उधर परसा बाजार के कुरथौल स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ ट्रस्ट के लोगों द्वारा जरूरतमंदों के बीच घर-घर जाकर कंबल वितरण किया जा रहा है। ट्रस्टी अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि रविवार को गायत्री प्रजापीठ कुरथौल के प्रागंण में इस क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं द्वारा पटना जिला के 11 प्रखंड के 108 ग्रामों एवं पटना शहर के मुहल्लों में जरुरतमंदों के बीच घर-घर जाकर कंबल वितरण हेतु कार्यकर्ताओं को 400 कंबल दिया गया।
चर्च में बीडीओ के हाथों कंबल वितरित
रविवार को ही फुलवारीशरीफ के टमटम पड़ाव स्थित कैथोलिक चर्च में अनमोल अलंकार ज्वेलर्स (माईकल) के सौजन्य से मुख्य अतिथि के तौर पर फुलवारी बीडीओ मो. जफरूउद्दीन के हाथों लगभग 200 गरीबों के बीच कंबल वितरित किया गया। बीडीओ ने कंबल वितरित करते हुए कहा कि मानवता सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं। यहां रिक्शा-ठेला चालक, सड़क किनारे जीवन व्यतीत करने वाले लोग, झोपड़पट्टी में रहने वाले समेत अन्य लोगों को कंबल वितरित किया गया। जिससे गरीब व बेसहारा लोगों के चेहरे खिल उठे। मौके पर चर्च के फादर जोआकिम ठाकुर ने कहा कि समाज में उंचे रूतवे वाले लोगों को इससे सबक लेने की जरूरत है और गरीबों के लिए उन्हें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिये ताकि समाज में बेहतर कार्य किया जा सके। इसका लाभ गरीब पिछड़ों को मिले।
ह्यूमैनिटी फर्स्ट ने डेढ़ सौ गरीब परिवारों को दिया कम्बल
वहीं अल्वा कॉलोनी में इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में ह्यूमनिटी फर्स्ट संस्था की ओर से कंबल वितरण का कार्यक्रम आयोजन किया गया, जिसमें डेढ़ सौ गरीब-गुरबा, जरूरतमंद लोगों को कंबल दिया गया। इस कार्यक्रम के आयोजक डॉ. सैफ अहमद खान सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अरमान मलिक थे। जिन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों के बीच उनकी संस्था लगातार इस कड़ाके की ठंड में कंबल वितरित कर रही है। इससे पहले भी रानीपुर और आसपास के इलाके में कंबल वीतरित किया गया है।

About Post Author

You may have missed