क्वारेंटाइन सेंटर में कोरोना संदिग्ध महिला की मौत, शादी में शामिल होने आयी थी बिहार

गया। पश्चिम बंगाल के आसनसोल की रहने वाली एक महिला पिछले दिनों बिहार के गया में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आयी थी, गया के क्वारेंटाइन सेंटर में भर्ती कोरोना संदिग्ध महिला उक्त महिला की मौत हो गई। मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने पर महिला को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि महिला एनेमिया (खून की कमी) की बीमारी से पीड़ित थी। सतर्कता बरतते हुए डॉक्टरों ने महिला का सैंपल ले लिया है और उसे जांच के लिए भेज दिया है। प्रोटोकॉल के अनुसार शव को पैक कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने महिला के संपर्क में आए लोगों को क्वारेंटाइन कर दिया है।
महिला के बारे में बताया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल के आसनसोल की रहने वाली थी और एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुछ दिनों पहले गया आई थी। लॉकडाउन की वजह से वह वापस नहीं लौट सकी। महिला गया के बांके बाजार स्थित अपने परिजनों के यहां रह रही थी। बाहर से आने की खबर मिलने के बाद गया प्रशासन ने महिला को क्वारेंटाइन कर दिया था। वह बैताल पंचायत के क्वारेंटाइन सेंटर में रह रही थी।

You may have missed