कांग्रेस ने दिखाया आईना : नीतीश जी संभल जाइए, नहीं तो कब भाजपा रूपी अजगर निगल जाइएगा, पता ही नहीं चलेगा

पटना। अरुणाचल प्रदेश में जदयू के विधायकों के भाजपा में चले जाने को लेकर बिहार कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आईना दिखाते हुए कहा है कि अब भी समय है संभल जाइए, नहीं तो कब भाजपा रूपी अजगर के पेट में चल जाइएगा, पता ही नहीं चलेगा। उक्त बातें प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज इतने बेबस हो गए हैं कि दूसरे राज्य में उनकी पार्टी को इस तरह भाजपा के द्वारा हड़प लिया जा रहा है, मगर उन्हें उफ्फ तक करने का अधिकार नहीं है। प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत में थी। इसके बावजूद जदयू के 7 विधायकों में से 6 को अपने पार्टी में शामिल करवा लिया। उन्होंने कहा कि यह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए संकेत मात्र है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल तो झांकी है, दरअसल बिहार अभी बाकी है।
राजेश राठौड़ ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में किसी भी दिन यह समाचार सामने आ सकता है कि जदयू के सभी विधायक भाजपा में शामिल हो गए। क्योंकि भाजपा का इतिहास रहा है कि जिसके साथ गठबंधन करती है उसे ही अजगर की तरह निगलने की कोशिश भी करती है। आज की भाजपा के पास अपने गठबंधन के किसी दल के लिए कोई संवेदना नहीं है। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए राकांपा का साथ लेकर शिवसेना के साथ भाजपा ने जो किया था, वह जगजाहिर है। वह तो शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे का राजनीतिक पराक्रम था कि न सिर्फ भाजपा के चक्रपाश से बच गए बल्कि उल्टे पटखनी भी दे डाली।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब में पूंजीपति तत्वों के लिए उसने अपने पुराने सहयोगी अकाली दल को भी छोड़ दिया। आज भाजपा की नजर बिहार में है। अरुणाचल प्रदेश में जदयू के विधायकों को अपने पाले में कर भाजपा ने नीतीश कुमार को खुले संकेत दे दिए हैं कि अब किसी भी वक्त बिहार में भी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार होगी। राजेश राठौड़ ने कहा कि अभी भी समय है बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सचेत हो जाएं, नहीं तो जैसे अरुणाचल प्रदेश के 7 विधायकों में से 6 निकल गए। वैसे ही कहीं बिहार में जदयू के 43 विधायकों में से कहीं 40 भाजपा के साथ ना हो लें।

About Post Author

You may have missed