छपरा में फोरलेन पर अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, आठ लोगों पर एफआईआर

छपरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वास्तु विहार के पास फोरलेन पर दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार की सुबह युवक अपने बड़े भाई के साथ बाइक पर बैठ उमथा गांव जा रहा था।

इसी दौरान फोरलेन पर बाइक सवार अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर रोक दिया और मारपीट की। विरोध करने पर गोली मार दी और फरार हो गए। इसके बाद युवक जमीन पर गिर गया। आनन-फानन में घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

डॉक्टरों ने उसके शरीर से गोली बाहर निकाल दी। अभी वह अस्पताल में ही है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने घायल से मामले की जानकारी ली। थानेदार के अनुसार जमीन विवाद में गोली मारने की बात सामने आ रही है। पीड़ित पक्ष के बयान में दो नामजद समेत आठ लोगों पर एफआईआर की गई है। दोनों की तलाश में छापेमारी चल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया गांव के रामदेव राय के 27 साल के बेटे मनीष कुमार राय के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि मनीष अपने बड़े भाई पंकज कुमार के साथ किसी काम से उमधा गांव जा रहा था। इसी दौरान वास्तु विहार के समीप चार बाइक पर सवार आठ लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। विरोध किया तो एक युवक ने उसे गोली मार दी।

You may have missed