पटना से भोजपुर जाने के दौरान ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम
file photo
आरा/पटना। भोजपुर में दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर कुल्हड़िया और कोइलवर स्टेशन के बीच अप लाइन पर रविवार को ट्रेन से गिरकर एक प्लंबर मिस्त्री की मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। जानकारी के अनुसार मृतक कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव निवासी नन्हे लाल गुप्ता का 20 वर्षीय पुत्र मनु कुमार गुप्ता है और वह पेशे से प्लंबर मिस्त्री था। इधर,मृतक के भाई संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पढ़ाई- लिखाई के साथ पलंबर का भी काम करता था। रविवार की सुबह घर से खाना खाकर पटना काम करने के लिए निकला था। जब वह ट्रेन से वापस लौट रहा था और लौटने के क्रम में जब कुल्हड़िया स्टेशन पर ट्रेन से उतर रहा था। उसी दौरान वह ट्रेन से गिर पड़ा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिली कि एक युवक ट्रेन से गिरकर कट गया है। सूचना पाकर वह घटनास्थल पर पहुंचे और कपड़े देख उसकी पहचान की। इसके बाद उसने इसकी सूचना आरा रेल पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। वही मृतक के परिवार में मां सुनीता देवी, तीन भाई जय प्रकाश गुप्ता, संदीप कुमार गुप्ता और विशाल कुमार गुप्ता है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।


