CM नीतीश पहुंचे नालंदा : 12वीं पुण्यतिथि पर मां की प्रतिमा पर की पुष्पांजलि अर्पित, हुए भावुक
नालंदा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार माता स्व. परमेश्वरी देवी की 12वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने शनिवार को नालंदा स्थित अपने पैतृक घर हरनौत प्रखंड के कल्याण बिगहा पहुंचे। यहां उन्होंने वैद्य रामलखन सिंह स्मृति वाटिका में सबसे पहले अपनी माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की। इसके बाद घर के पास स्थित तालाब का जायजा लिया। फिर अपने घर चले गए। सीएम नीतीश सीधे किसी से मिलने से बचते रहे। यहां फरियाद लेकर कई लोग उनसे मिलने पहुंचे। उनके आवेदन एक अधिकारी ने संग्रह किए। सीएम के साथ उनके पुत्र निशांत कुमार एवं बड़े भाई सतीश कुमार समेत अन्य लोग भी थे। कुछ देर रुकने के बाद सीएम वहां से पटना के लिए रवाना हो गए।


एक घंटा तक अपने गांव में रुके सीएम
सीएम नीतीश के आगमन को लेकर वाटिका को फूल मालाओं से सजाया गया था। दीवार एवं फर्श पर रंग-रोगन किया गया था। ग्राम देवी मंदिर को भी सजाया गया। तालाब की सफाई की गई। वाटिका के बगल में पंडाल बनाया गया। भजन-कीर्तन का आयोजन कराया गया था। करीब 11 बजे दिन में सीएम का काफिला गांव पहुंचा। यहां वे सबसे पहले रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचे। माता स्व. परमेश्वरी देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माता की 12वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सीएम काफी भावुक दिखे। उन्होंने पुष्पांजलि के बाद माता की प्रतिमा शीश नवाया। इसके बाद पिता कविराज रामलखन सिंह की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए। वहीं बगल में स्थित धर्मपत्नी स्व. मंजू सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किया। यहां माल्यार्पण कर वाटिका से बाहर निकल गए। इससे पहले उन्होंने ग्राम देवी मंदिर में पूजा की और राय की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने ग्राम भ्रमण के दौरान वहां अवस्थित तालाब का निरीक्षण किया एवं इसके सौंदर्यीकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। वाटिका से निकलने के बाद उन्होंंने घर का रुख किया। घर पहुंचने के बाद उन्होंने बैठकर चाय पी। आसपास का जायजा भी लिया। नए बने गोशाले को देखा। सीएम नीतीश ने एक घंटे से ज्यादा समय गांव में बिताए। परिवार के लोगों से बातचीत की। अधिकारियों को निर्देश देकर वे दोपहर 12 बजकर 8 मिनट में प्रस्थान कर गए। बताया जाता है कि सीएम के आने का कार्यक्रम अचानक बना।
इन्होंने भी की श्रद्धांजलि अर्पित
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक जितेन्द्र कुमार, विधायक प्रेम मुखिया, विधान पार्षद श्री ललन सर्राफ, पूर्व विधान पार्षद रणवीर नंदन, पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, सदस्य मनीष कुमार वर्मा, नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य व्यक्तियों तथा शुभचिंतकों के साथ साथ मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, डीएम पटना चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने भी स्व. परमेश्वरी देवी, स्व. रामलखन सिंह एवं स्व. मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

