PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

पटना। जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर आज जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वही इस अवसर पर राज्य सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा सर्वधर्म प्रार्थना आयोजित की गई तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित गीत की प्रस्तुति की गई। वही इस कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों से बात करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की आज पुण्यतिथि है। वर्ष 1988 में 64 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। अगर वे जीवित होते तो राज्य ही नहीं बल्कि देश को भी और आगे ले जाते। वे 1 देशरत्न मार्ग, पटना में इसी स्थान पर रहते थे। हमलोग उनसे मिलने के लिए आया करते थे। उनकी जन्मतिथि और पुण्यतिथि पर हम यहां आते रहते हैं। बी.बी.सी. के कार्यालयों पर आयकर विभाग की कार्रवाई से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बी.बी.सी. पर हुए एक्शन से समझ लीजिए कि उनलोगों की इच्छा क्या है। यह बहुत स्पष्ट है। उनलोगों के खिलाफ कोई भी बोलेगा तो एक्शन होगा। हम लगातार समाधान यात्रा पर थे इसके बारे में और डिटेल पता करेंगे। वही पत्रकारों के अन्य सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे खिलाफ जिसको जो बोलना है और जो कहना है कहते रहें। हम रात-दिन लोगों की सेवा करने और काम करने में लगे रहते हैं। हम सबके हित में लगातार काम करते रहते हैं। किसी के हमारे खिलाफ बोलने से हमको कोई फर्क नहीं पड़ता है। जनता मालिक है। जनता सब देख रही है कि कौन क्या कर रहा है।

हम पहले जो काम करते थे तो उसकी मीडिया में चर्चा होती थी। लेकिन आजकल वे लोग जो बोलते हैं उन्हीं की मीडिया में ज्यादा चर्चा होती है। वही जब पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह द्वारा सरकार को किसान विरोधी बताने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग क्यों किसी के बयान का नोटिस ले रहे हैं। ये सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। कृषि रोडमैप बनाकर कृषि के क्षेत्र में विकास के कई काम किए गए हैं। हर क्षेत्र में तरक्की हुई है। समाधान यात्रा के दौरान हम घूमकर लोगों से बात कर रहे थे कि और क्या करने की जरुरत है। बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए हमलोग लगातार काम करते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में विकास किया जा रहा है। किसी को कुछ बोलना है वो बोलता रहे उस बयान का कोई मतलब नहीं। पता कर लें। शहर और गांव में कितना विकास हुआ है सब दिख रहा है। वही जब भारत को हिंदू राष्ट्र बनाए जाने से संबंधित प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत देश है यहां यह संभव नहीं है। विभिन्न धर्म को मानने वाले लोग यहां रहते हैं। इस देश के बारे में अगर कोई कुछ बोलता है तो उसकी कोई वैल्यू नहीं है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की बात को छोड़कर किसी की बात को नहीं सुनना चाहिए। अगर कोई कुछ बोलता है तो समझिए वो देश को खत्म करना चाहता है। यह संभव नहीं है। अंत में गांधी जी की हत्या भी कर दी गई। बापू की बातों पर ही हमलोग आगे काम कर रहे हैं। उन्होंने जो देश के बारे में कहा है उसी को लेकर देश को आगे बढ़ना है। बाकी लोगों को जो बोलना है बोलते रहें। लोकसभा चुनाव में जनता फैसला करेगी।

About Post Author

You may have missed