जमीन से जुड़े हर कार्यकर्ताओं को परिश्रम का फल मिलना ही चाहिए : उपेन्द्र कुशवाहा

पटना। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि जदयू ही ऐसी पार्टी है, जो परिवारवाद से ऊपर उठकर आम कार्यकर्ता को राज्यसभा में भेज रही है। एक ओर राज्यसभा के उम्मीदवार के लिये कुछ पार्टी वैसे लोगों का चयन करती है, जिनके पास धन-बल होता है या वे पार्टी के मुख्य परिवार से जुड़े रहते हैं। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अनिल हेगड़े जैसे समर्पित कार्यकर्ता को राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाते हैं। जदयू के द्वारा कार्यकर्ताओं के प्रति इस तरह का सम्मान देना अन्य दलों के लिए भी प्रेरणाश्रोत है।
श्री कुशवाहा ने पार्टी के ऊपर से लेकर निचले स्तर तक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को अपना संदेश देते हुए कहा है कि कड़ी मेहनत, नेता के प्रति विश्वास और पार्टी के प्रति समर्पण आपको सम्मान तो दिलाएगा ही, समय दर समय पद और प्रतिष्ठा से भी लाभान्वित कराएगा। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े हर कार्यकर्ताओं को परिश्रम का फल मिलना ही चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुरू से ही लीक से हटकर चलने वाले रहे हैं एवं तमाम विरोधों के बावजूद अपने निर्णयों पर अडिंग रहने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच को जन-जन तक पहुंचा कर संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने की जरूरत है।
बताते चलें कि उपेंद्र कुशवाहा आज जदयू प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जगहों से आये पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं से मुलाकात किया एवं उन सबों की समस्याओं को गंभीरता से सुना एवं उनके निराकरण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिया। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, मृत्युंजय कुमार सिंह, रेखा गुप्ता, श्वेता विश्वास, भारती मेहता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed