महिलाओं के वोट की चोट से अधिकांश पंचायतों में नया चेहरा : पटना में चौथे चरण की वोटिंग में पुरुषों पर भारी पड़ीं महिलाएं

file photo

पटना। त्रिस्तरीय बिहार पंचायत चुनाव में पुरुषों पर महिलाएं भारी पड़ रही हैं। घुंघट में घर के चारदिवारी में रहने वाली महिलाएं वोट की चोट मारने के लिए बूथ तक पहुंच रही हैं और स्वच्छ छवि के उम्मीदवार का अपना बहुमूल्य वोट देकर विजय बना रही हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि आंकड़े गवाह हैं। पिछले तीन चरणों के आए नतीजे में इस बार पंचायतों में अधिकांश नए चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं वोट प्रतिशत पुरूषों के अपेक्षा इस बार महिलाओं का ज्यादा रहा है। इससे यही कहा जा सकता है कि महिलाएं अपने बहुमूल्य वोट को ले अब पहले से ज्यादा सजग व समझदार हो गई हैं। वह भी अपने गांव के विकास को लेकर ज्यादा सजीदा हुई हैं। यहीं कारण है कि गांव की सरकार चुनने के लिए वे बेहतर उम्मीदवार का चुनाव कर रही हैं। झुंड में महिलाएं बूथ तक पहुंच रही हैं और बिना किसी से कहे ईवीएम का बटन दबा रही है। नतीजा सबके सामने है।
बुधवार को पटना के बिहटा और दुल्हिनबाजार प्रखंड में चौथे चरण का मतदान संपन्न हुआ। जिसमें पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं ने अधिक मतदान किया। बिहटा प्रखंड में शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने पर 59.20 प्रतिशत तथा दुल्हिनबाजार में 61.12 प्रतिशत मतदान हुआ। बिहटा प्रखंड में पुरुष मतदाताओं ने 57.06 प्रतिशत तथा महिला मतदाताओं ने 61.35 प्रतिशत मतदान किया है। इसी प्रकार दुल्हिनबाजार में पुरुष मतदाताओं ने 58.54 प्रतिशत तथा महिला मतदाताओं ने 63.70 प्रतिशत मतदान किया है। दोनों प्रखंडों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। 22 अक्टूबर को मतगणना होगी। इससे पहले पालीगंज, नौबतपुर और बिक्रम प्रखंड में चुनाव संपन्न हो गया है। इन प्रखंडों में भी महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया है। मतदान करने वालों में गरीब तबके की महिलाएं अधिक हैं। इस बार पंचायत चुनाव में सबसे अधिक 25 से 45 आयुवर्ग से मतदाता अधिक हैं। उनके ही वोट निर्णायक हो रहे हैं।
बिहटा और दुल्हिनबाजार में महिलाओं से अधिक हैं पुरुष मतदाता
बिहटा और दुल्हिनबाजार में महिलाओं से अधिक पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है। इसके बावजूद दोनों प्रखंडों में महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया। दुल्हिनबाजार में कुल 93 हजार 341 मतदाता हैं जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 48 हजार 603 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 44 हजार 737 है। इस प्रखंड में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से लगभग चार कम है लेकिन पुरुषों से उनका मतदान का प्रतिशत चार प्रतिशत अधिक रहा। इसी प्रकार बिहटा प्रखंड में कुल मतदाताओं की संख्या एक लाख 48 हजार 544 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 78 हजार 705 है तथा महिला मतदाताओं की संख्या 69 हजार 834 है। यहां भी महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में लगभग चार प्रतिशत अधिक मतदान किया है।
44 मतदान केंद्रों पर नहीं काम की बायोमेट्रिक मशीन
बिहटा और दुल्हिनबाजार प्रखंड में 44 मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीन काम नहीं किया। बिहटा प्रखंड में कुल 295 मतदान केंद्र बनाए गए थे जिसमें 268 मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीन लगाई गई थी। सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद 27 मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीन काम नहीं की जो मतदान समाप्त होने तक खराब रही। इसी प्रकार दुल्हिनबाजार प्रखंड में 181 मतदान केंद्र बनाए गए थे जिसमें सभी जगहों पर बायोमेट्रिक मशीन लगाई गई थी। यहां 17 मतदान केंद्रों पर पूरे दिन मशीन काम नहीं की।

About Post Author

You may have missed