पटना में नवविवाहिता ससुराल से लापता, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

पटना। राजधानी पटना से सटे धनरुआ में प्रेम विवाह के बाद लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। जहानाबाद जिले के ओकरी थाना अंतर्गत धरोति मठ की एक लड़की ने धनरुआ थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के युवक से प्रेम विवाह किया था। लड़के ने प्रेम विवाह कर लड़की को अपने साथ रखने का वादा किया था, लेकिन अब लड़की ससुराल से लापता बतायी जा रही है। परिजनों के अनुसार शादी होने के बाद युवक कुछ दिन तक लड़की के ही घर में रहा। उसके बाद यह कहकर वापस चला गया कि बहुत जल्द वो आकर पत्नी को लेकर जाएगा। कई दिन बीत गए युवक अपनी पत्नी को लेने नहीं आया। इसके बाद थक हारकर लड़की ससुराल पहुंच गई। कुछ दिनों के बाद ससुराल वालों ने लड़की को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और घर से 2 लाख रुपए और एक बाइक लाने की मांग करने लगे। लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि पैसे और बाइक नहीं मिलने पर सुसराल वालों ने हत्या की धमकी थी। इसके बाद से लड़की ससुराल से लापता है। पिता ने ससुराल वालों पर हत्या की आशंका जतायी है। पुलिस से ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वही इस मामले में लड़की के पिता ने कहा की हमारी बेटी जिस लड़के से प्रेम करती थी, उसी के साथ प्रेम विवाह कियाय जब लड़की अपने ससुराल गई तो ससुर ने 2 लाख और एक बाइक की दहेज में मांगा की। नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। दो दिनों से हमारी बेटी ससुराल से गायब है लगता है उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। इस मामले में धनरुआ थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि लड़की के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में केस दर्ज कराया है। आरोपी लड़का और उसके पिता समेत सभी ससुरालवालों को आरोपी बनाया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

 

You may have missed