February 27, 2026

PATNA : महिला मेनहोल में गिरी, लोगों ने बचाई जान, हरकत में आया निगम, वेल्डिंग कर नाले को ढका

पटना सिटी। एक महिला सड़क पर बने मेनहोल में गिर गई। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला एक आॅटो के पीछे-पीछे फोन पर बात करते हुए जा रही थी। अचानक से सड़क के बीचो-बीच मेनहोल का ढक्कन खुला था। जैसे ही आॅटो हटा महिला सीधे उस मेनहोल में जा गिरी। महिला के गिरते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत वहां जुट गए। महिला को 18 सेकेंड के अंदर ही बाहर निकाल लिया गया। वहीं इस विडियो के सामने आने के बाद पटना नगर निगम हरकत में आया। निगम के पदाधिकारी और कर्मचारी के द्वारा आज इस नाले को वेल्डिंग कर ढक दिया गया। मामला पटना सिटी के वार्ड नंबर 56 का है।
फोन पर बात कर रही थी महिला
घटना उस समय हुई, जब एक महिला एक हाथ में सामान लेकर और दूसरे हाथ से फोन पर बात करते हुए सिटी की तरफ जा रही थी। इस दौरान ओवरब्रिज के पास बीच सड़क पर ही एक मेनहोल खुला था। महिला मेनहोल से पहले ही इधर-उधर देखने लगी और अचानक से चेंबर में गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को मेनहोल में गिरता देख दौड़ पड़े। महिला काफी देर तक इस घटना से सदमें में रही। उसे पास के एक अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया गया। अब वह पूरी तरह से स्वस्थ है। घटना के बाद लोगों में प्रशासन की मनमानी से काफी आक्रोश है। आरोप है कि सिटी क्षेत्र में ऐसे मेनहोल ज्यादा हैं जो मौत का खतरा बन गए हैं। महिला के साथ रात में घटना हुई होती या फिर किसी की नजर नहीं पड़ती तो उसकी जान चली जाती।
पटना में जगह-जगह सड़क की खुदाई
शहर में नमामि गंगे के साथ अन्य काम के कारण जगह-जगह सड़क को खोद दिया गया है। इस कारण से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पाटलिपुत्रा, केसरी नगर, नाला रोड, राजीवनगर, आशियाना, राजा बाजार के साथ पटना सिटी में कोई ऐसा मोहल्ला नहीं है जहां मेनहोल खुला न हो। इस कारण से लोगों को परेशानी हो रही है। पटना की हर गली और सड़क पर नमामि गंगे का काम लोगों की जान पर मुश्किल बन रहा है। मनमानी के काम के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, तो कहीं सड़क धंस गई है और कहीं मेनहोल खुला है। इसके वजह से रोज हादसे हो रहे हैं।

You may have missed