मुजफ्फरपुर में पति और सौतन से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में पति और सौतन से परेशान अनीता देवी ने आत्महत्या कर ली है। उसका शव संदिग्ध हालत में कमरे में फंदे से लाश लटकी मिली। मृतक के परिजनों का कहना है कि हत्या की गई है। मृतक के पति श्रवण सहनी ने तीन शादियां की है और घटना के बाद से वो तीसरी पत्नी के साथ फरार है। घटना औराई थाना इलाके के विशुनपुर गांव की है। मृतका के भाई सुरिंदर ने बताया की श्रवण ने तीन शादी की हैं। पहली पत्नी का नाम मेही देवी था। उसकी मौत 13 साल पहले हुई थी। उसका कोई बच्चा नहीं था। श्रवण ने इसके बाद मेही की बहन अनीता से शादी की। अनीता से दो बेटी और एक बेटा है। बेटी की उम्र 8 और 10 है जबकि, बेटा 17 साल का है। 2022 में तीन बच्चों के पिता श्रवण को मोहल्ले की ही एक महिला नगीना देवी से प्यार हो गया। फिर दोनों ने लव मैरिज कर ली। तीसरी शादी का अनीता लगातार विरोध करती थी। शादी के बाद तीसरी पत्नी नगीना के घर आने के बाद पति ने बच्चों का खर्च उठाना बंद कर दिया। कुछ वक्त पहले जमीन बेचकर अनीता ने बेटे को ट्रैक्टर दिलाई थी। श्रवण ने इसका काफी विरोध किया। मृतका के भाई का कहना है कि बहन बार बार कहती थी कि नगीना को वापस भेज दो लेकिन उसका पति उसके साथ ही ज्यादातर वक्त गुजारता था। इसके लेकर अक्सर विवाद होता था और पति और सौतन मिलकर मारपीट करते थे। गुरुवार को सूचना मिली की बहन की मौत हो गई है। सुरिंदर का आरोप है बहन के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को फंदे से लटका दिया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।


