January 24, 2026

नवादा में कुएं में मिला महिला व उसके दूधमुंहे बच्चे का शव, जानें क्या है मामला

नवादा । जिले के रजौली थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के बधार स्थित एक कुएं से शनिवार की शाम महिला व उसके बच्चे का शव मिला। महिला की पहचान तेतरिया गांव के आमोद कुमार की पत्नी रेणु देवी व उसके 28 दिन के बेटे अविनाश के रूप में हुई है।

दरियापुर गांव में महिला का मायका है। महिला के पति ने बताया कि पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। प्रसव के बाद वह मायके चली आई थी, ताकि बच्चे का पालन हो सके।

शुक्रवार की अहले सुबह चार बजे वह बच्चा को लेकर घर से निकल गई। तबसे उसकी तलाश चल रही थी। इसी दौरान शनिवार को दोपहर बाद पता चला कि कुएं में महिला व बच्चे का शव है।

कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया, जिसके बाद मृतकों की पहचान हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची व शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना से परिजन में कोहराम मच गया।

You may have missed